गोंडा। गोंडा जिले में आज शाम 6 बजे पूरे जिले में ‘ब्लैकआउट’ मॉकड्रिल का आयोजन किया जाएगा। जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने नागरिक सुरक्षा और आपातकालीन स्थितियों के लिए जनमानस को तैयार करने के उद्देश्य से यह निर्देश जारी किए हैं। यह अभ्यास नेताजी सुभाष चंद्र बोस जयंती के अवसर पर किया जा रहा है।
जिला प्रशासन और नागरिक सुरक्षा कोर गोंडा के अनुसार, मॉकड्रिल का आयोजन शाम 06:00 बजे शहीद-ए-आजम सरदार भगत सिंह (टॉमसन) इंटर कॉलेज, लखनऊ रोड के क्षेत्र में होगा।
इसका मुख्य उद्देश्य है:
हवाई हमले जैसी आपात स्थिति में महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना।
बिजली बंद रखकर (ब्लैकआउट) आपातकालीन तैयारी का अभ्यास करना।
जिलाधिकारी ने जनता से अपील की है कि:
आज शाम 06:00 बजे अपने घर, कार्यालय और प्रतिष्ठानों की सभी लाइटें एवं इन्वर्टर पूरी तरह बंद करें।
मॉकड्रिल के दौरान शांति बनाए रखें और एयर रेड सायरन बजने पर घबराएँ नहीं।
बाहर माचिस, टॉर्च या मोबाइल फ्लैश लाइट का प्रयोग वर्जित है।
यदि सड़क पर हैं, तो वाहन किनारे खड़ा कर लाइटें बंद करें।
कहीं से रोशनी बाहर निकल रही हो, तो उसे काले कागज या मोटे पर्दे से ढक दें।
नागरिकों को सलाह दी गई है कि:
पीने का पानी, सूखा भोजन और प्राथमिक चिकित्सा किट तैयार रखें।
आवश्यक दस्तावेज़ जैसे आईडी और मेडिकल रिपोर्ट तैयार रखें।
हवाई हमले का संकेत 2 मिनट तक उतार-चढ़ाव वाली आवाज में सायरन बजाकर दिया जाएगा।
खतरा टलने पर 2 मिनट तक स्थिर आवाज वाली सायरन बजेगी।
जिलाधिकारी गोंडा ने स्पष्ट किया कि यह केवल एक जागरूकता अभ्यास (मॉकड्रिल) है।
उन्होंने नागरिकों से अनुरोध किया है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें, नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों का सहयोग करें और इसे गंभीरता से लें, ताकि भविष्य में किसी भी वास्तविक आपदा के समय जान-माल का नुकसान न्यूनतम किया जा सके।
गोंडा जिले में शाम 6 बजे होने वाला ब्लैकआउट मॉकड्रिल नागरिक सुरक्षा और आपदा प्रबंधन की तैयारी का महत्वपूर्ण हिस्सा है। प्रशासन ने जनता से सहयोग और सतर्कता बरतने का आग्रह किया है, ताकि आपातकालीन परिस्थितियों में सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.