गोंडा। गोंडा जिले में 19 वर्षीय रोशनी पांडेय की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले ने नया और सनसनीखेज मोड़ ले लिया है। सामने आया है कि रोशनी की मौत से ठीक पहले उसके प्रेमी ने देहात कोतवाली में परिजनों पर गंभीर प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए शिकायत दी थी। इसके साथ ही रोशनी द्वारा लिखे गए दो पत्र भी पुलिस को सौंपे गए थे, जिनमें उसने स्पष्ट रूप से अपनी जान को खतरा बताया था।
देहात कोतवाली क्षेत्र के पूरे ललक ग्राम पंचायत स्थित पांडेय बाबा पुरवा निवासी रोशनी पांडेय का शव घर के अंदर संदिग्ध हालात में मिला था। पुलिस के अनुसार, सूचना मिलने पर जब टीम मौके पर पहुंची, तब तक परिजन शव को घर के बाहर रख चुके थे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था।
रोशनी के प्रेमी परमेश्वर पाठक, निवासी बक्सर आजा राम, ने पुलिस को दी तहरीर में बताया था कि वह पिछले डेढ़ से दो वर्षों से रोशनी के साथ संबंध में था और दोनों विवाह करना चाहते थे। उसका आरोप है कि जब यह बात रोशनी के परिजनों को पता चली, तो वे शादी से मुकर गए और रोशनी को मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने लगे।
परमेश्वर के अनुसार, उसकी शिकायत देने के महज 24 घंटे के भीतर ही रोशनी की संदिग्ध मौत हो गई, जिससे पूरे मामले पर सवाल खड़े हो गए हैं।
मामले में सबसे अहम कड़ी रोशनी द्वारा लिखे गए दो पत्र माने जा रहे हैं, जिन्हें पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है।
पहले पत्र में रोशनी ने लिखा था कि वह अपनी शादी अपनी मर्जी से करना चाहती है, लेकिन परिवार वाले इसके खिलाफ हैं। उसने आशंका जताई थी कि परिजन उसे झूठे भरोसे देकर फंसाने और नुकसान पहुंचाने की योजना बना रहे हैं। पत्र में रोशनी ने स्पष्ट लिखा था कि अगर उसे या उसके प्रेमी को कुछ होता है, तो इसकी जिम्मेदारी उसके परिवार की होगी।
दूसरे पत्र में रोशनी ने बेहद डर और तनाव भरे शब्दों में लिखा कि उसके साथ जान से मारने की कोशिश की गई है। उसने लिखा कि सुबह करीब पांच बजे परिवार के कुछ सदस्यों ने उसे मारने का प्रयास किया, लेकिन वह किसी तरह बच गई। उसने अपने प्रेमी से गुहार लगाई थी कि बात सिर्फ कोतवाली में उसके सामने हो और किसी को भी इस पत्र के बारे में जानकारी न दी जाए, क्योंकि उसकी जान को गंभीर खतरा है।
मीडिया से बातचीत में प्रेमी परमेश्वर पाठक ने आरोप लगाया कि रोशनी के पिता चंद्रप्रकाश पांडेय और भाई राहुल व शुभम ने मिलकर 27 तारीख की सुबह रोशनी को करंट देने और तकिए से मुंह दबाकर मारने की कोशिश की थी। उसने दावा किया कि उसके पास रोशनी की वॉइस रिकॉर्डिंग, वीडियो और संदेश मौजूद हैं, जिनमें उसने पूरी घटना बताई थी।
प्रेमी का आरोप है कि बाद में इस मौत को दुर्घटना का रूप देने की कोशिश की गई और कहा गया कि रोशनी कपड़े प्रेस करते समय करंट की चपेट में आ गई।
वहीं देहात कोतवाली पुलिस का कहना है कि उन्हें इस तरह की कोई औपचारिक शिकायत या खतरे की सूचना समय रहते प्राप्त नहीं हुई थी। हालांकि, अब प्रेमी द्वारा दिए गए पत्रों और आरोपों को जांच का हिस्सा बना लिया गया है और हर पहलू से मामले की जांच की जा रही है।
रोशनी पांडेय की मौत का मामला अब सिर्फ संदिग्ध मृत्यु नहीं रह गया है, बल्कि इसमें पारिवारिक प्रताड़ना, प्रेम संबंध और संभावित हत्या जैसे गंभीर आरोप सामने आ चुके हैं। प्रेमी द्वारा पहले से दी गई शिकायत और रोशनी के लिखे पत्र इस केस को और संवेदनशील बना रहे हैं। अब यह पूरी तरह पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर निर्भर करेगा कि रोशनी की मौत हादसा थी या इसके पीछे कोई साजिश। पूरे मामले पर जिलेभर की निगाहें टिकी हुई हैं।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.