जयपुर: बॉलीवुड एक्ट्रेस तापसी पन्नू इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म ‘अस्सी’ को लेकर सुर्खियों में हैं। फिल्म के प्रमोशन के सिलसिले में मंगलवार को जयपुर पहुंचीं तापसी ने कहा कि यह फिल्म सिर्फ एक कोर्ट रूम ड्रामा नहीं है, बल्कि समाज की सोच को झकझोरने वाली कहानी है, जिसमें दर्शक खुद जज की भूमिका में होंगे।
अनुभव सिन्हा के निर्देशन में बनी फिल्म ‘अस्सी’ 20 फरवरी को रिलीज होने जा रही है। जयपुर में एमआई रोड स्थित इंडियन कॉफी हाउस में दैनिक भास्कर डिजिटल से बातचीत के दौरान तापसी ने फिल्म, सामाजिक जिम्मेदारी और अपने फिल्म चयन को लेकर खुलकर बात की।
फिल्म की कहानी को लेकर तापसी ने कहा कि ‘अस्सी’ में अपराध की क्रूरता दिखाने पर जोर नहीं है, बल्कि यह सवाल उठाया गया है कि क्या पीड़ित को वास्तव में न्याय मिला या नहीं। उन्होंने कहा कि इस फिल्म में दर्शक जज की कुर्सी पर बैठकर खुद फैसला करेगा।
रेप जैसी घटनाओं पर सवाल पूछे जाने पर तापसी ने कहा कि अब समाज में ऐसी घटनाएं इतनी आम हो गई हैं कि लोग उन्हें सामान्य मानने लगे हैं, जो बेहद डरावना है। उन्होंने कहा कि यही सोच समाज को गलत दिशा में ले जा रही है और इसी वजह से ऐसी फिल्मों की जरूरत है।
अपने किरदार को निभाते समय की भावनाओं को लेकर तापसी ने कहा कि वह सिर्फ गुस्से में नहीं थीं, बल्कि गहराई से इमोशनल भी थीं। पहले गुस्सा आता है कि ऐसा हुआ ही क्यों, लेकिन फिर यह एहसास होता है कि कहीं न कहीं इसकी जिम्मेदारी हम सबकी भी है। हम किस तरह की सोच अगली पीढ़ी को दे रहे हैं, यह सवाल उन्हें अंदर तक झकझोरता है।
अपनी फिल्मोग्राफी पर बात करते हुए तापसी ने कहा कि वह यह जरूर सोचती हैं कि कोई फिल्म करने के बाद लोग उन्हें कितने समय तक याद रखेंगे। उन्होंने कहा कि आज के दौर में लोगों के पास समय की कमी है और अगर दर्शक अपना पैसा और कीमती समय उनकी फिल्म पर खर्च कर रहे हैं, तो वह उसे व्यर्थ नहीं जाने देना चाहतीं। इसी वजह से वह ऐसी फिल्में चुनती हैं, जो दर्शकों के दिमाग में लंबे समय तक बनी रहें।
अनुभव सिन्हा के साथ काम करने के अनुभव को साझा करते हुए तापसी ने कहा कि उनके बीच विश्वास का रिश्ता है। फिल्म ‘थप्पड़’ के बाद दोनों ने तय किया था कि वे एक और सामाजिक मुद्दे पर कोर्ट रूम ड्रामा करेंगे। विषय तय होने से पहले ही उन्होंने फिल्म के लिए हां कह दी थी।
फिल्म में पुलिस और वकीलों की भूमिका पर सवाल पूछे जाने पर तापसी ने कहा कि उनकी जवाबदेही जरूर है, लेकिन समाज की जिम्मेदारी उनसे भी बड़ी है। हमें पहले खुद से सवाल पूछना चाहिए कि हम अपने बच्चों को क्या सिखा रहे हैं और समाज को बेहतर बनाने में हमारा योगदान क्या है।
राजस्थान से अपने जुड़ाव को लेकर तापसी ने कहा कि उन्होंने यहां कई फिल्मों की शूटिंग की है और निजी तौर पर भी यहां घूमने आती रही हैं। उन्होंने राजस्थान को देश का कल्चरल हार्ट बताया और कहा कि जयपुर का इंडियन कॉफी हाउस उनके लिए खास जगह है, जिसकी सिफारिश उन्हें अनुभव सिन्हा ने की थी।
फिल्म ‘अस्सी’ के जरिए तापसी पन्नू एक बार फिर समाज के संवेदनशील मुद्दे को मजबूती से उठाती नजर आएंगी। उनका मानना है कि सिनेमा सिर्फ मनोरंजन नहीं, बल्कि सोच बदलने का माध्यम भी है। यही वजह है कि वह ऐसी फिल्में चुनती हैं, जो दर्शकों के दिल और दिमाग पर लंबे समय तक असर छोड़ें।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.