मोहनलालगंज (लखनऊ): लखनऊ के मोहनलालगंज क्षेत्र में स्कूली बच्चों के अपहरण की कोशिश से इलाके में हड़कंप मच गया। सोहावा गांव के पास बुधवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब चोरी की कार से आए बदमाशों ने बच्चों को टॉफी-चॉकलेट का लालच देकर अगवा करने का प्रयास किया।
स्थिति को भांपते हुए बच्चों ने सूझबूझ दिखाई और अपनी साइकिलें मौके पर छोड़कर गांव की ओर दौड़ पड़े। बच्चों के शोर मचाने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बदमाशों को घेर लिया, लेकिन वे बातचीत में उलझाकर कार छोड़कर फरार हो गए।
ग्रामीण हसरत अली के अनुसार, बच्चे गांव से लगभग एक किलोमीटर दूर स्थित पूर्व प्राथमिक विद्यालय जैतीखेड़ा बाग की ओर नहर के माइनर के सहारे कच्चे रास्ते से जा रहे थे। इसी दौरान एक सफेद रंग की कार में सवार चार युवक वहां पहुंचे और बच्चों को टॉफी देकर कार में बैठाने की कोशिश करने लगे।
आरोप है कि बदमाशों ने बच्चों को डराने-धमकाने की भी कोशिश की। बच्चों ने खतरा भांपते ही साइकिलें छोड़ दीं और गांव की ओर भाग गए।
बच्चों की सूचना पर ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और संदिग्ध युवकों से पूछताछ की। पुलिस बुलाने की बात सुनते ही बदमाश घबरा गए और ग्रामीणों को बातों में उलझाकर मौके से भाग निकले।
ग्रामीणों ने करीब एक किलोमीटर तक बदमाशों का पीछा किया, लेकिन वे गांव की सीमा से बाहर निकलने में सफल रहे। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है।
अपहरण की कोशिश के बाद से गांव के बच्चे और अभिभावक बेहद डरे हुए हैं। घटना से सहमे बच्चे शुक्रवार को स्कूल नहीं गए। अभिभावकों का कहना है कि जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत नहीं की जाती, तब तक बच्चों को स्कूल भेजना सुरक्षित नहीं है।
ग्रामीणों ने स्कूल जाने वाले रास्तों पर पुलिस गश्त बढ़ाने और स्थायी सुरक्षा व्यवस्था की मांग की है।
ग्रामीण महिलाओं ने बताया कि बदमाश जिस कार से आए थे, उसके अंदर कंबल और शराब की बोतलें रखी हुई थीं, जिससे उनकी नीयत पर और भी संदेह गहराता है।
पुलिस के अनुसार, 4 फरवरी 2026 की सुबह करीब 10 बजे सूचना मिली थी कि सोहावा से जैतीखेड़ा जाने वाले रास्ते पर कुछ संदिग्ध लोग बच्चों को बुला रहे हैं। मौके पर पहुंचने पर पुलिस को एक मारुति 800 कार खड़ी मिली।
कार की आरसी से पता चला कि वाहन जनपद अमेठी में पंजीकृत है। जांच में सामने आया कि यह कार 24 जनवरी 2026 को थाना सुशांत गोल्फ सिटी क्षेत्र से चोरी हुई थी, जिसकी ई-एफआईआर पहले से दर्ज है।
पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि आरोपी चोरी की कार लेकर जा रहे थे और पकड़े जाने के डर से फरार हो गए। फिलहाल पुलिस टीमों को लगाया गया है और फरार बदमाशों की तलाश जारी है।
मोहनलालगंज के सोहावा गांव में स्कूली बच्चों के अपहरण की कोशिश ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बच्चों की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया, लेकिन घटना ने ग्रामीणों और अभिभावकों को दहशत में डाल दिया है। अब सभी की नजरें पुलिस कार्रवाई और आरोपियों की गिरफ्तारी पर टिकी हैं।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.