जयपुर: राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने रविवार को खैरथल-तिजारा विधानसभा क्षेत्र के गांव बघेरी कलां पहुंचकर पूर्व मंत्री स्व. हेमसिंह भड़ाना के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने दिवंगत नेता के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर संवेदनाएं प्रकट कीं।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि स्व. हेमसिंह भड़ाना का सार्वजनिक जीवन जनसेवा, समर्पण और सामाजिक सरोकारों का प्रतीक रहा है। उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन में आमजन के हितों के लिए निरंतर कार्य किया। समाज के प्रति उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनका निधन न केवल परिवार, बल्कि पूरे क्षेत्र और प्रदेश के लिए अपूरणीय क्षति है, जिसकी भरपाई संभव नहीं है।
मुख्यमंत्री ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने तथा शोकाकुल परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
इस शोक अवसर पर केन्द्रीय वन, पर्यावरण और जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव, वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संजय शर्मा, विधायक देवी सिंह शेखावत, जिला प्रमुख बलबीर छिल्लर सहित अनेक जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने दिवंगत पूर्व मंत्री के प्रति श्रद्धा सुमन अर्पित कर उनके योगदान को याद किया।
गांव बघेरी कलां और आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल रहा। स्थानीय लोगों ने स्व. भड़ाना को सरल, जनप्रिय और कर्मठ नेता बताते हुए कहा कि उन्होंने हमेशा क्षेत्र के विकास और आमजन की समस्याओं को प्राथमिकता दी।
पूर्व मंत्री स्व. हेमसिंह भड़ाना का निधन राजस्थान की राजनीति और सामाजिक जीवन के लिए बड़ी क्षति है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा सहित अनेक वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति ने यह स्पष्ट किया कि भड़ाना का योगदान केवल एक क्षेत्र तक सीमित नहीं था, बल्कि उन्होंने प्रदेश की राजनीति में भी अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। उनका जनसेवाभाव और कार्यशैली आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनी रहेगी।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.