बांदीकुई (दौसा)। दौसा जिले में बजरी माफिया के हौसले किस कदर बुलंद हैं, इसका अंदाजा कोलवा थाना प्रभारी (SHO) रामशरण गुर्जर के चौंकाने वाले बयान से लगाया जा सकता है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा—
“खनन माफिया पुलिसकर्मियों को उठा रहे हैं, प्रशासन के लोगों से मारपीट कर रहे हैं। कितना भी कुछ कर लो, ये रुक नहीं पाएंगे।”
यह बयान उस घटना के बाद सामने आया, जिसमें बजरी से भरे एक ट्रैक्टर-ट्रॉली ने गांव में घुसकर मकान की दीवार तोड़ दी और पास में बंधी तीन बकरियों को कुचल दिया। यह घटना शुक्रवार रात करीब 8 बजे की है।
SHO रामशरण गुर्जर के अनुसार, शुक्रवार शाम करीब 6 बजे ट्रेनी आरपीएस ओमप्रकाश गोदारा पुलिस टीम के साथ अलवर–सिकंदरा मेगा हाईवे पर गश्त कर रहे थे। इसी दौरान बसवा की ओर से बजरी से भरे तीन ट्रैक्टर-ट्रॉली आते दिखाई दिए।
पुलिस ने जब उन्हें रुकने का इशारा किया, तो तीनों ट्रैक्टर चालक तेज रफ्तार में वाहन भगा ले गए।
दो ट्रैक्टर अंधेरे का फायदा उठाकर गलियों से निकल गए
एक ट्रैक्टर तेज गति से मेगा हाईवे से जैस्या की ढाणी मार्ग की ओर भागा
भागता हुआ ट्रैक्टर दौसा जिले की सीमा पार कर अलवर के टहला थाना क्षेत्र के सकट बाराओ के बास गांव में जा घुसा। गांव में ट्रैक्टर अनियंत्रित हो गया और एक मकान की दीवार तोड़ते हुए पास में बंधी तीन बकरियों को कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया।
पीछा कर रही बसवा थाना पुलिस जब गांव पहुंची तो ग्रामीणों ने पुलिस टीम को घेर लिया। घटना से गुस्साई महिलाओं ने पुलिस को जमकर खरी-खोटी सुनाई।
सूचना मिलने पर कोलवा थाना SHO रामशरण गुर्जर भी रात करीब 9 बजे गांव पहुंचे। ग्रामीणों को शांत कराने के दौरान उन्होंने बजरी माफिया को लेकर यह कड़ा बयान दिया।
SHO रामशरण गुर्जर ने बताया कि राजगढ़ क्षेत्र का बजरी माफिया गिरोह बेहद सक्रिय है।
ट्रैक्टरों पर नंबर प्लेट नहीं होती
पुलिस से बचने के लिए ढाणियों और संकरे रास्तों का इस्तेमाल करते हैं
पहले भी इस तरह के कई हादसे कर चुके हैं
घटना के कुछ देर बाद बांदीकुई, कोलवा, राजगढ़ और टहला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाइश कर शांत किया।
बांदीकुई और आसपास के इलाकों में बजरी माफिया का आतंक अब आम लोगों की जान-माल के लिए खतरा बनता जा रहा है। SHO का यह बयान सिस्टम की मजबूरी और माफिया के बढ़ते हौसलों की गंभीर तस्वीर पेश करता है। सवाल यह है कि क्या प्रशासन इस माफिया पर लगाम लगा पाएगा, या ऐसे हादसे आगे भी यूं ही होते रहेंगे?
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.