मुख्यमंत्री ने यह बात मंगलवार को मुख्यमंत्री कार्यालय में आयोजित बजट पूर्व चर्चा के दौरान कही। इस चर्चा में महिलाएं, युवा, उद्योग, सेवा क्षेत्र, व्यापार, कर सलाहकार और युवा प्रोफेशनल्स शामिल हुए।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कानून व्यवस्था को लेकर भी बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सरकार के अंतिम दो वर्षों (फरवरी 2022 से दिसंबर 2023) की तुलना में वर्तमान सरकार के कार्यकाल में अपराधों में करीब 12 प्रतिशत तक की कमी दर्ज की गई है। उन्होंने इसे सरकार की सख्त नीतियों और प्रशासनिक सक्रियता का परिणाम बताया।
मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि बजट 2026-27 में महिला प्रतिनिधियों और विभिन्न वर्गों से प्राप्त सुझावों को यथासंभव शामिल करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बजट केवल आंकड़ों का दस्तावेज नहीं, बल्कि जनभावनाओं और विकास की दिशा तय करने वाला माध्यम है।
बजट पूर्व चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री ने उद्योग, सेवा क्षेत्र, व्यापार, कर सलाहकार और युवा प्रोफेशनल्स से संवाद किया। उन्होंने कहा कि उद्योगों की समृद्धि से ही राज्य का समग्र विकास संभव है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि एमएसएमई, पर्यटन, लॉजिस्टिक्स, नवीकरणीय ऊर्जा और तकनीकी सेवाओं जैसे क्षेत्रों में उद्यमशीलता ने राजस्थान के आर्थिक परिदृश्य में बड़ा बदलाव लाया है। आज राजस्थान निवेशकों की पहली पसंद बनता जा रहा है।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने डूंगरपुर जिले से आए युवाओं को भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि युवा देश का भविष्य और राजस्थान का गौरव हैं। वागड़ क्षेत्र आदिवासी बहुल क्षेत्र है और सरकार आदिवासियों के सशक्तीकरण के लिए लगातार निर्णय ले रही है।
उन्होंने कहा कि वागड़ क्षेत्र में विकास के नए आयाम स्थापित हो रहे हैं। इस दौरान बेणेश्वर धाम के सौंदर्यीकरण को लेकर प्रस्तुतीकरण भी दिया गया। कार्यक्रम में सागवाड़ा विधायक शंकरलाल डेचा भी उपस्थित रहे।
इस बजट पूर्व चर्चा में उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी, मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास, प्रमुख सचिव वित्त वैभव गालरिया, प्रमुख सचिव महिला एवं बाल विकास भवानी सिंह देथा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के बयान से साफ है कि राजस्थान सरकार महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण, युवाओं के विकास और उद्योगों को बढ़ावा देने को लेकर गंभीर है। लखपति दीदी योजना के जरिए महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है, वहीं अपराधों में कमी और निवेश के बढ़ते अवसर राज्य के सकारात्मक भविष्य की ओर संकेत करते हैं।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.