उत्तर प्रदेश: के कानपुर से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवक अपनी प्रेमिका से मिलने उसके घर पहुंचा, लेकिन अचानक घर में चाची के आ जाने पर हालात ऐसे बने कि युवक को करीब 45 मिनट तक एक बक्से के अंदर बंद रहना पड़ा। मामला चकेरी थाना क्षेत्र का है, जहां पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बक्से का ताला खुलवाया और युवक को सुरक्षित बाहर निकाला।
जानकारी के अनुसार, लड़की के घर पर उस समय कोई नहीं था। उसकी मां फैक्ट्री में काम करने गई थी और भाई ट्रैक्टर लेकर बाहर गया हुआ था। इसी दौरान लड़की ने पड़ोस में रहने वाले अपने बॉयफ्रेंड को फोन कर घर बुला लिया। युवक शुक्रवार सुबह करीब 11:30 बजे बाइक से लड़की के घर पहुंचा।
इसी बीच पड़ोस में रहने वाली लड़की की चाची अचानक उसके घर पहुंच गईं। उन्होंने घर के एक कमरे से किसी लड़के की आवाज सुनी। शक होने पर चाची ने दरवाजा खटखटाया और लड़की को आवाज दी, लेकिन लड़की ने दरवाजा नहीं खोला। इसके बाद चाची ने अपने बेटे को बुलाया और घर का मुख्य गेट बाहर से बंद कर दिया।
डर के चलते लड़की ने अपने बॉयफ्रेंड को घर में रखे एक बक्से के अंदर छिपा दिया और बाहर से ताला लगा दिया। जब घरवालों ने पूछताछ की तो लड़की टालमटोल करती रही और चाबी देने से इनकार कर दिया।
कुछ देर बाद लड़की की मां और भाई घर पहुंचे। परिजनों ने पूरे कमरे और घर में युवक को तलाशा, लेकिन वह नहीं मिला। इसी दौरान बक्से के अंदर से आहट सुनाई दी। परिजनों ने बक्सा खोलने को कहा, लेकिन लड़की ने मना कर दिया।
परिजन ताला तोड़ने का प्रयास करने लगे, लेकिन सफल नहीं हुए। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। करीब 12 बजे पुलिस मौके पर पहुंची और लड़की को समझाने के बाद बक्से का ताला खुलवाया गया। ताला खुलते ही अंदर से युवक बाहर निकला।
युवक के बाहर आते ही घरवाले गुस्से में आ गए और उसके साथ मारपीट करने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने बीच-बचाव कर युवक को सुरक्षित बचा लिया। इसके बाद पुलिस युवक और लड़की दोनों को चौकी ले गई, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है।
परिजनों ने पुलिस से कहा कि दोनों के खिलाफ कार्रवाई की जाए और बिना जांच के छोड़ा न जाए। लड़की को भी पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
चकेरी थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्र ने बताया कि युवक उसी मोहल्ले का रहने वाला है और उसका घर लड़की के घर से कुछ ही मकानों की दूरी पर है। दोनों के बीच प्रेम संबंध की बात सामने आई है। पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
कानपुर की यह घटना भले ही प्रेम संबंध से जुड़ी हो, लेकिन हालात जिस तरह से बिगड़े, उसने सभी को चौंका दिया। 45 मिनट तक बक्से में बंद रहना युवक के लिए खतरे भरा साबित हो सकता था। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दोनों पक्षों से पूछताछ के बाद ही कोई कानूनी कार्रवाई तय की जाएगी।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.