दौसा (राजस्थान): दिल्ली–मुंबई एक्सप्रेसवे पर शनिवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। दौसा जिले के बांदीकुई क्षेत्र अंतर्गत कोलवा थाना इलाके में पिलर संख्या 172 के पास CISF जवानों से भरा एक मिनी ट्रक आगे चल रहे कंटेनर से टकरा गया। हादसे में CISF जवान धनंजय चौहान गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, CISF का मिनी ट्रक देवली से गाजियाबाद की ओर जा रहा था। ट्रक में तीन CISF जवान सवार थे, जो पासिंग आउट के बाद अपने गंतव्य की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान एक्सप्रेसवे पर आगे चल रहे कंटेनर ने अचानक ब्रेक लगा दिए, जिससे पीछे आ रहा CISF का मिनी ट्रक कंटेनर से जा टकराया।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही कोलवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायल जवान धनंजय चौहान को तत्काल दौसा जिला अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार जवान को गंभीर चोटें आई हैं, लेकिन उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
कोलवा थाना प्रभारी रामशरण गुर्जर ने बताया कि अभय कमांड से दिल्ली–मुंबई एक्सप्रेसवे पर हादसे की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही पुलिस जाप्ता मौके पर रवाना किया गया। दुर्घटनाग्रस्त CISF मिनी ट्रक का नंबर UP14 AG 1615 है, जो देवली से गाजियाबाद जा रहा था और सामने चल रहे कंटेनर से टकरा गया।
हादसे के बाद मिनी ट्रक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था, जिससे कुछ समय के लिए यातायात बाधित हुआ। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन को सड़क किनारे हटवाकर यातायात को सुचारु कराया।
घायल CISF जवान धनंजय चौहान ने पुलिस को बताया कि आगे चल रहा कंटेनर तेज गति में था और उसने अचानक ब्रेक लगा दिए। ब्रेक लगते ही पीछे आ रहे मिनी ट्रक को संभालने का मौका नहीं मिला और यह दुर्घटना हो गई।
दिल्ली–मुंबई एक्सप्रेसवे पर हुआ यह हादसा तेज रफ्तार और अचानक ब्रेकिंग के खतरे को एक बार फिर उजागर करता है। गनीमत रही कि ट्रक में सवार अन्य CISF जवान सुरक्षित हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई जारी है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.