अमृतसर: बॉर्डर रेंज में पुलिस और केंद्रीय एजेंसियों ने मिलकर एक बड़ी आतंकी साजिश को समय रहते नाकाम कर दिया है। सीमा पार से भारत में विस्फोटक सामग्री भेजे जाने की साजिश का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने दो हैंड ग्रेनेड बरामद किए हैं और एक मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई इंटेलिजेंस आधारित संयुक्त ऑपरेशन के तहत की गई।
अमृतसर बॉर्डर रेंज के डीआईजी संदीप गोयल ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि 08 फरवरी 2026 को अमृतसर ग्रामीण पुलिस को विश्वसनीय गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना में बताया गया था कि पाकिस्तान से सीमा क्षेत्र के रास्ते विस्फोटक सामग्री भारत भेजी जा रही है, जिसका इस्तेमाल किसी बड़ी वारदात के लिए किया जा सकता है।
सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीमों ने गांव चक्क मिसरी खानी निवासी सुखमनप्रीत सिंह पुत्र हरजीत सिंह को काबू किया। कानूनी प्रक्रिया के तहत की गई तलाशी के दौरान उसके कब्जे से दो हैंड ग्रेनेड बरामद हुए। प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ कि यह विस्फोटक सामग्री किसी संगठित नेटवर्क के जरिए भारत लाई गई थी।
डीआईजी गोयल के अनुसार, तकनीकी जांच और फील्ड इंटेलिजेंस से यह सामने आया है कि ये हैंड ग्रेनेड पाकिस्तान स्थित हैंडलरों द्वारा ड्रेन के माध्यम से सीमा पार से भेजे गए थे। इसका सीधा उद्देश्य भारत की शांति, कानून-व्यवस्था और राष्ट्रीय सुरक्षा को नुकसान पहुंचाना था।
इस मामले में थाना लोपोके में एफआईआर नंबर 33 दिनांक 08.02.2026 को विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है, जिसमें अन्य साजिशकर्ताओं और नेटवर्क से जुड़े अहम सुराग हाथ लगे हैं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया है। ये टीमें अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी और पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए लगातार छापेमारी कर रही हैं। आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां तथा बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त कर दिया गया है। पुलिस और केंद्रीय एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट मोड में हैं, ताकि किसी भी आतंकी साजिश को समय रहते विफल किया जा सके।
अमृतसर बॉर्डर रेंज में हुई यह कार्रवाई सुरक्षा एजेंसियों की सतर्कता और मजबूत इंटेलिजेंस नेटवर्क का बड़ा उदाहरण है। पाकिस्तान से संचालित आतंकी नेटवर्क की एक और साजिश नाकाम कर यह साफ संदेश दिया गया है कि भारत की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.