दौसा। राजस्थान के दौसा जिले में बुधवार आधी रात उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक मजदूर अचानक 11 KV बिजली के खंभे पर चढ़ गया और आत्महत्या करने की धमकी देने लगा। हाई वोल्टेज ड्रामे को देखकर मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और तुरंत पुलिस व बिजली विभाग को सूचना दी गई।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए इलाके की बिजली सप्लाई तत्काल बंद कर दी गई। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस, फायर ब्रिगेड और सिविल डिफेंस की टीमें मौके पर पहुंचीं।
पुलिस और प्रशासन की टीमों ने करीब तीन घंटे तक युवक को समझाने की कोशिश की। इस दौरान युवक की पहचान उत्तर प्रदेश निवासी सुरेश के रूप में हुई, जो दौसा में एक कॉन्ट्रैक्टर के यहां मजदूरी करता था।
समझाइश के बाद जब क्रेन और JCB मशीन की मदद से युवक को सुरक्षित नीचे उतारने का रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया, तभी अचानक वह क्रेन से फिसलकर नीचे गिर गया। यह पल इतना डरावना था कि मौके पर मौजूद लोगों की सांसें थम गईं।
हालांकि, सिविल डिफेंस टीम की सतर्कता ने बड़ा हादसा होने से बचा लिया। टीम ने पहले से ही नीचे सेफ्टी नेट बिछा रखा था, जिस पर गिरने से युवक की जान बच गई।
गिरने के बाद सुरेश को मामूली चोटें आईं। उसे तुरंत इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि युवक का अपने कॉन्ट्रैक्टर के साथ वेतन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। सैलरी न मिलने से परेशान होकर उसने गुस्से में यह खतरनाक कदम उठाया।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और युवक से पूछताछ की जा रही है।
दौसा की इस घटना ने एक बार फिर दिखा दिया कि मजदूरों की समस्याओं को नजरअंदाज करना किस कदर खतरनाक मोड़ ले सकता है। समय रहते प्रशासन की सतर्कता और सेफ्टी नेट की व्यवस्था ने एक बड़ी जनहानि को टाल दिया, लेकिन यह घटना सिस्टम के प्रति कई सवाल भी खड़े करती है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.