जोधपुर। राजस्थान के जोधपुर में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की भारी घेराबंदी के बावजूद परिवहन विभाग के कर्मचारियों के हौसले पस्त होते नजर नहीं आ रहे हैं। सोमवार सुबह शहर के केरू रिंग रोड पर एक RTO कर्मचारी द्वारा गैस टैंकर ड्राइवर से सरेआम अवैध वसूली का मामला सामने आया है। इस पूरी घटना का किसी अन्य वाहन चालक ने वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
30 सेकंड का वीडियो और 'जेब' का खेल वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एक RTO कार्मिक गैस टैंकर को रुकवाता है। कुछ देर बातचीत करने के बाद, टैंकर ड्राइवर रुपये निकालकर कर्मचारी को थमाता है, जिसे वह बड़ी फुर्ती से अपनी जेब में छिपा लेता है। इस दौरान कर्मचारी को जरा भी भनक नहीं लगी कि उसकी यह करतूत कैमरे में कैद हो रही है।
अधिकारियों की चुप्पी पर सवाल इस वीडियो के सामने आने के बाद महकमे में हड़कंप मच गया है। मामले की जानकारी के लिए जब RTO आकांक्षा बैरवा से संपर्क करने की कोशिश की गई और उन्हें मैसेज भेजे गए, तो उन्होंने इस मुद्दे पर चुप्पी साध ली। विभाग की ओर से अभी तक इस वायरल वीडियो पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया या कार्रवाई की सूचना नहीं दी गई है।
ACB की कार्रवाई का भी नहीं रहा खौफ हैरानी की बात यह है कि महज 4 दिन पहले ही, 8 जनवरी को ACB की टीमों ने परिवहन विभाग के 11 ठिकानों पर बड़ा सर्च ऑपरेशन चलाया था। उस समय:
13 लोग गिरफ्तार: इंस्पेक्टर जलसिंह, उनके पीए, दलाल और संविदा गार्ड सहित 13 लोगों को दबोचा गया था।
बरामदगी: 1.16 लाख रुपये नकद, 19 मोबाइल और 12 संदिग्ध डायरियां मिली थीं, जिनमें लाखों के हिसाब दर्ज थे।
मोडस ऑपेरंडी: जांच में पता चला था कि दलाल हाईवे के ढाबों से 'कॉल सेंटर' चला रहे थे और डिजिटल पेमेंट के जरिए रिश्वत का खेल चल रहा था।
इतनी बड़ी कार्रवाई के तुरंत बाद एक कर्मचारी का इस तरह निडर होकर सड़क पर वसूली करना विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
जोधपुर RTO में भ्रष्टाचार की जड़ें इतनी गहरी हो चुकी हैं कि ACB का खौफ भी बेअसर साबित हो रहा है। सड़क पर सरेआम हो रही यह वसूली न केवल कानून का मजाक है, बल्कि उन ईमानदार अधिकारियों के प्रयासों पर भी पानी फेरती है जो सिस्टम को साफ करना चाहते हैं। अब देखना यह होगा कि वीडियो सबूत के तौर पर सामने आने के बाद प्रशासन इस 'जेब भरने वाले' कर्मचारी पर क्या एक्शन लेता है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.