जयपुर। वरिष्ठ फोटो जर्नलिस्ट दिनेश कुमार सैनी (डी.के.) का बीती रात आकस्मिक निधन हो गया। महानगर टाइम और दैनिक भास्कर सहित कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों के लिए स्वतंत्र रूप से सेवाएँ देने वाले डी.के. सैनी के असमय निधन से राजस्थान सहित पूरे पत्रकारिता जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।
रोज़ की तरह दिनभर फोटोग्राफरों और पत्रकार साथियों के साथ समाचार कवरेज का कार्य पूरा करने के बाद उन्होंने रात में भोजन किया। इसके पश्चात उनकी पत्नी और बच्चे पास ही आयोजित एक सत्संग में चले गए। देर रात लगभग ढाई बजे जब परिजन लौटे, तो उन्होंने दिनेश कुमार सैनी को पंखे से लटका हुआ पाया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की गई।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि उन्होंने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया। पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है। उनके करीबी मित्रों और सहकर्मियों के लिए यह घटना बेहद चौंकाने वाली है, क्योंकि वे हमेशा हँसमुख, मिलनसार और सहयोगी स्वभाव के व्यक्ति के रूप में जाने जाते थे।
दिनेश कुमार सैनी फ्रीलांस पत्रकारिता से जुड़े थे और इस कारण कार्यदबाव का सामना करते थे, लेकिन वे संघर्षों से जूझते हुए भी कभी निराश नहीं दिखते थे। वे अपने वरिष्ठों का सम्मान करते थे और साथियों के सुख-दुख में हमेशा कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहते थे। यही वजह है कि उनका अचानक जाना पत्रकार समुदाय के लिए गहरा आघात है।
वे अपनी तीनों बेटियों से अत्यंत प्रेम करते थे और परिवार के प्रति बेहद संवेदनशील थे। उनके निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पत्नी ने जीवनसाथी को खो दिया है और तीनों बेटियाँ पिता के स्नेह और मार्गदर्शन से वंचित हो गई हैं।

दिनेश कुमार सैनी के निधन को पत्रकारिता जगत के लिए अपूरणीय क्षति बताते हुए इंडियन मीडिया काउंसिल ने गहरा शोक व्यक्त किया है। काउंसिल ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करने और शोक संतप्त परिवार को यह दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की है।
वरिष्ठ फोटो जर्नलिस्ट दिनेश कुमार सैनी का असमय निधन न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे मीडिया जगत के लिए एक बड़ी क्षति है। उनका समर्पण, सरल स्वभाव और पेशेवर ईमानदारी उन्हें हमेशा सहकर्मियों की स्मृतियों में जीवित रखेगी।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.