जयपुर। राजस्थान में सरकारी भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता बढ़ाने के लिए राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड (RSSB) ने बड़ा फैसला लिया है। अब सभी भविष्य की भर्ती परीक्षाओं की OMR शीट ऑनलाइन अपलोड की जाएंगी। यह कदम अभ्यर्थियों के प्रति भरोसा बढ़ाने और परीक्षा प्रक्रिया में संभावित गड़बड़ियों को रोकने के उद्देश्य से उठाया गया है।
RSSB के अध्यक्ष आलोक राज ने बताया कि चयन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी बनाने के लिए यह कदम उठाया गया है। नई प्रणाली की शुरुआत चपरासी भर्ती परीक्षा से होगी। इसके तहत अभ्यर्थियों की OMR शीट ऑनलाइन उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि सभी अभ्यर्थी अपनी उत्तरपुस्तिका और नंबर सार्वजनिक रूप से देख सकें।
हाल ही में राजस्थान में भर्ती परीक्षाओं के दौरान OMR शीट में नंबर बढ़ाने का मामला सामने आया था। आरोप था कि बोर्ड के अधिकारियों और एक निजी फर्म के कर्मचारियों ने अभ्यर्थियों से पैसे लेकर नंबर बढ़ाए, जिससे कुछ उम्मीदवारों को अनैतिक तरीके से सरकारी नौकरी मिल गई।
इस मामले के बाद पूरे प्रदेश में धांधली और गड़बड़ी को लेकर अभ्यर्थियों की शिकायतें मिली थीं। इस घोटाले ने भर्ती प्रक्रिया पर सवाल खड़े कर दिए थे।
बोर्ड अध्यक्ष आलोक राज ने कहा कि अब भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह सार्वजनिक और पारदर्शी होगी। अभ्यर्थी सीधे अपनी OMR शीट ऑनलाइन देख पाएंगे और किसी भी तरह की गड़बड़ी या विवाद की स्थिति में शिकायत दर्ज करवा सकेंगे।
इस कदम से भर्ती प्रक्रिया में विश्वास और निष्पक्षता को बढ़ावा मिलेगा और भविष्य में किसी भी तरह की अनियमितताओं को रोकने में मदद मिलेगी।
राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड का यह निर्णय राज्य में भर्ती परीक्षाओं की पारदर्शिता बढ़ाने और अभ्यर्थियों के अधिकार सुरक्षित करने की दिशा में अहम कदम है। अब OMR शीट ऑनलाइन उपलब्ध होने से परीक्षा प्रक्रिया में गड़बड़ियों की गुंजाइश बहुत कम होगी।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.