राजस्थान: की राजधानी जयपुर से गैंगस्टर नेटवर्क से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है। गैंगस्टर रोहित गोदारा गैंग के नाम पर एक निजी स्कूल मालिक को 10 लाख रुपए की रंगदारी की धमकी दी गई है। यह धमकी इंटरनेशनल मोबाइल नंबर से वॉट्सऐप कॉल और बाद में वॉइस मैसेज के जरिए दी गई। पीड़ित की शिकायत पर सदर थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस जांच में जुट गई है।
पुलिस के अनुसार, सदर थाना क्षेत्र में रहने वाले एक प्राइवेट स्कूल संचालक उस समय बच्चों के साथ पिकनिक पर थे, जब उनके मोबाइल फोन पर एक विदेशी नंबर से वॉट्सऐप कॉल आया। अनजान और इंटरनेशनल नंबर देखकर स्कूल मालिक ने कॉल रिसीव नहीं किया और उसे इग्नोर कर दिया।
कॉल लगातार आने पर पीड़ित ने उस नंबर को ब्लॉक कर दिया। इसके कुछ ही देर बाद उसी नंबर से वॉट्सऐप पर एक वॉइस मैसेज आया। जब स्कूल मालिक ने मैसेज सुना तो वह सन्न रह गए। वॉइस मैसेज में कॉल करने वाले ने खुद को गैंगस्टर रोहित गोदारा गैंग का सदस्य बताया।
मैसेज में कहा गया,
“मोबाइल नंबर ब्लॉक कर तू क्या सोच रहा है? 10 लाख रुपए दे दे। अगर पैसे नहीं दिए तो अंजाम बहुत बुरा होगा।”
धमकी भरे मैसेज के बाद स्कूल मालिक और उनका परिवार दहशत में आ गया। उन्होंने बिना देर किए सदर थाने पहुंचकर पूरे मामले की लिखित शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने गंभीरता से मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ACP (सदर) धर्मवीर सिंह ने बताया कि पीड़ित की रिपोर्ट के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस तकनीकी जांच में जुटी है और वॉट्सऐप कॉल व वॉइस मैसेज भेजने वाले के IP एड्रेस और डिजिटल ट्रेल के जरिए उसकी पहचान करने की कोशिश की जा रही है।
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि धमकी देने वाला वास्तव में रोहित गोदारा गैंग से जुड़ा है या फिर उसके नाम का इस्तेमाल कर रंगदारी वसूलने की कोशिश की जा रही है।
जयपुर में स्कूल संचालक को मिली यह धमकी एक बार फिर दिखाती है कि गैंगस्टर नेटवर्क किस तरह सोशल मीडिया और मैसेजिंग ऐप्स के जरिए लोगों को डराने की कोशिश कर रहे हैं। हालांकि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है। अब देखना होगा कि धमकी देने वाला वास्तविक गैंग मेंबर है या केवल गैंगस्टर के नाम का दुरुपयोग कर रहा है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.