जयपुर: 15 जनवरी को मनाए जाने वाले 78वें आर्मी डे से पहले जयपुर में भारतीय सेना ने अपनी ताकत का भव्य प्रदर्शन किया। जगतपुरा स्थित महल रोड रविवार को करीब पांच घंटे तक छावनी में तब्दील रहा। यहां सेना दिवस परेड की फुल ड्रेस रिहर्सल के दौरान अत्याधुनिक टैंक, मिसाइल, ड्रोन और लड़ाकू हेलिकॉप्टरों ने सैन्य शक्ति का प्रदर्शन किया।
रविवार सुबह करीब 8:30 बजे शुरू हुई रिहर्सल दोपहर 1:30 बजे तक चली। इस दौरान सड़क और आसमान दोनों जगह भारतीय सेना की युद्ध क्षमता देखने को मिली। महल रोड पर कदमताल करते जवान, गर्जना करते टैंक और आसमान में उड़ते हेलिकॉप्टर लोगों के आकर्षण का केंद्र बने रहे।
रिहर्सल के दौरान सेना के जवानों ने बाइकों पर हैरतअंगेज करतब दिखाए। 7 बाइकों पर सवार 27 जवानों ने ह्यूमन पिरामिड बनाकर दर्शकों को रोमांचित कर दिया। इसके अलावा चलती बाइक पर सुदर्शन चक्र, अशोका पिलर जैसी आकृतियां बनाकर जवानों ने अनुशासन और संतुलन का अद्भुत उदाहरण पेश किया।
रिहर्सल में सेना के मल्टीपल रॉकेट लॉन्चर सिस्टम का भी प्रदर्शन किया गया, जो मात्र 20 सेकेंड में एक साथ 40 से ज्यादा रॉकेट दागने में सक्षम है। इसके अलावा 300 किलोमीटर तक मार करने वाले रॉकेट लॉन्चर की खूबियों से भी लोगों को अवगत कराया गया, जो एक साथ 6 मिसाइलें दाग सकता है।
रिहर्सल में भारतीय सेना के अपाचे AH-64E, चीता और चेतक हेलिकॉप्टरों ने आसमान में शक्ति प्रदर्शन किया। वहीं जमीन पर K-9 वज्र टी टैंक ने अपनी मारक क्षमता का परिचय दिया। यह टैंक 45 किलोमीटर दूर तक दुश्मन के ठिकानों को तबाह करने में सक्षम है।
सेना ने हाई मोबिलिटी रिकॉनिसेंस व्हीकल (HMRV) भी प्रदर्शित किए, जो रेगिस्तान से लेकर बर्फीले पहाड़ी इलाकों तक ऑपरेशन करने में सक्षम हैं। ये वाहन करीब 5000 मीटर की ऊंचाई तक प्रभावी तरीके से काम कर सकते हैं और आधुनिक कम्युनिकेशन सिस्टम से लैस हैं।
इसके अलावा हेलिकॉप्टर से दागी जाने वाली एंटी टैंक गाइडेड मिसाइल ‘हेलिना’ का भी प्रदर्शन किया गया, जो दुश्मन के बख्तरबंद वाहनों को नष्ट करने में अहम भूमिका निभाती है।
15 जनवरी की परेड में शामिल होने वाली भारतीय सेना की घुड़सवार बटालियन ने भी रिहर्सल की। सेना के बैंड की शानदार प्रस्तुति ने माहौल को देशभक्ति से भर दिया। एकसमान वर्दी में कदमताल करते जवानों को देखकर दर्शकों की तालियां गूंज उठीं।
जयपुर में आर्मी डे परेड की यह रिहर्सल भारतीय सेना की ताकत, अनुशासन और तकनीकी श्रेष्ठता का स्पष्ट संदेश देती है। अत्याधुनिक हथियारों, मिसाइलों और साहसिक करतबों के जरिए सेना ने दिखा दिया कि वह हर परिस्थिति और हर मोर्चे पर देश की रक्षा के लिए पूरी तरह तैयार है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.