मुंबई: के जुहू इलाके में स्थित मशहूर फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी के घर के बाहर शनिवार देर रात हुई फायरिंग के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। इस केस में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े शुभम लोंकर को वांटेड घोषित किया गया है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार सभी आरोपी पुणे के रहने वाले हैं। इनके नाम हैं—
आदित्य ज्ञानेश्वर गायकवाड़ (19 वर्ष)
सिद्धार्थ दीपक येनपुरे (20 वर्ष)
समर्थ शिवशरण पोमाजी (18 वर्ष)
स्वप्निल बंडू सकट (23 वर्ष)
चारों के खिलाफ धारा 109, 61(2) के साथ शस्त्र अधिनियम की धारा 3 और 25 तथा भारतीय न्याय संहिता की धारा 37(1), 37(2) और 135 के तहत मामला दर्ज किया गया है। कोर्ट ने सभी आरोपियों को 5 फरवरी तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है।
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि इन चारों आरोपियों की भूमिका फायरिंग करने वाले मुख्य आरोपी को वाहन और अन्य संसाधन उपलब्ध कराने और पूरी साजिश रचने में थी।
जांच के मुताबिक—
शिवशरण पोमाजी ने लॉरेंस गैंग के शुभम लोंकर के साथ मिलकर हमले की योजना बनाई।
आदित्य गायकवाड़ की सलाह पर होंडा डियो स्कूटर (MH 12 FN 2205) समेत अन्य साधनों की व्यवस्था की गई।
शुभम लोंकर से मिली आर्थिक सहायता के जरिए ही हमलावर के लिए वाहन का इंतजाम हुआ।
पुलिस के अनुसार, यह घटना शनिवार रात करीब 12:45 बजे हुई। हमलावरों ने जुहू में स्थित नौ मंजिला इमारत की पहली मंजिल पर कम से कम पांच राउंड फायरिंग की। एक गोली इमारत में बने जिम के शीशे से टकराई, जिससे इलाके में दहशत फैल गई।
घटना के बाद इंडिया टुडे ने एक फेसबुक पोस्ट का स्क्रीनशॉट साझा किया, जिसमें लॉरेंस बिश्नोई गैंग द्वारा हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया।
पोस्ट में लिखा गया—
“यह सिर्फ ट्रेलर है, अगली बार गोली छाती पर लगेगी… अब घर के बाहर नहीं, अंदर बेडरूम में गोली चलेगी।”
पोस्ट में बॉलीवुड को भी खुली चेतावनी देते हुए लिखा गया कि—
“टाइम रहते सुधर जाओ, नहीं तो बाबा सिद्दीकी से भी बुरा हाल होगा।”
शुभम लोंकर लॉरेंस बिश्नोई गैंग का एक प्रमुख की-ऑपरेटिव माना जाता है।
वह एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी की अक्टूबर 2024 में हुई हत्या का मुख्य साजिशकर्ता भी बताया जाता है।
आरजू बिश्नोई गैंग का सक्रिय सदस्य है, जो सोशल मीडिया के जरिए धमकियां और गैंग की गतिविधियों को आगे बढ़ाता है।
घटना के बाद मुंबई पुलिस और फोरेंसिक टीम तुरंत मौके पर पहुंची। जुहू इलाके में रोहित शेट्टी के घर के आसपास कई बॉलीवुड हस्तियों के आवास भी हैं, जिसे देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।
रोहित शेट्टी के घर पर हुई फायरिंग ने एक बार फिर बॉलीवुड की सुरक्षा और लॉरेंस बिश्नोई गैंग के बढ़ते नेटवर्क को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। चार आरोपियों की गिरफ्तारी से पुलिस को अहम सुराग मिले हैं, लेकिन मुख्य साजिशकर्ता शुभम लोंकर की गिरफ्तारी अब भी चुनौती बनी हुई है। आने वाले दिनों में इस केस में और बड़े खुलासे होने की संभावना है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.