लखनऊ। राजधानी लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। मुल्ला खेड़ा गांव के पास सड़क किनारे एक मजदूर का खून से लथपथ शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान ग्राम चौरासी निवासी संतराम (40) पुत्र दुलारे रावत के रूप में हुई है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। शुरुआती जांच में मृतक के सिर और शरीर पर गंभीर चोटों के निशान मिले हैं। घटनास्थल से खून से सनी एक ईंट भी बरामद की गई है, जिससे पुलिस को आशंका है कि इसी ईंट से सिर कुचलकर संतराम की बेरहमी से हत्या की गई।
ग्रामीणों के अनुसार, मंगलवार सुबह सड़क किनारे शव पड़ा देख गांव के प्रधान ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सुबह करीब 8:27 बजे प्रभारी निरीक्षक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने क्षेत्र को सील कर फॉरेंसिक जांच शुरू कर दी।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। फुटेज में संतराम को साइकिल से शराब के ठेके की ओर जाते हुए देखा गया है। पुलिस इसी रूट को आधार बनाकर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वह अंतिम बार किसके संपर्क में था और उसके साथ क्या हुआ।
जानकारी के मुताबिक संतराम मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। उसके परिवार में दो बेटे और एक बेटी हैं। घटना की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मौके पर शव देखने के लिए लोगों की भीड़ जुट गई।
मृतक के भाई की तहरीर पर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस उपायुक्त दक्षिणी ने मामले के जल्द खुलासे के लिए विशेष टीमें गठित कर दी हैं। फॉरेंसिक और फील्ड यूनिट द्वारा भौतिक व तकनीकी साक्ष्य जुटाए गए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जिसकी रिपोर्ट से मौत के कारणों की पुष्टि होगी।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामला पुरानी रंजिश, आपसी विवाद या शराब से जुड़े एंगल से भी जांचा जा रहा है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
लखनऊ में मजदूर की नृशंस हत्या ने एक बार फिर शहर की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। CCTV फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही इस सनसनीखेज हत्याकांड से पर्दा उठेगा।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.