अयोध्या। राम नगरी अयोध्या स्थित राम मंदिर परिसर में शनिवार को एक संवेदनशील घटना सामने आई है। जानकारी के अनुसार, एक व्यक्ति को मंदिर परिसर के दक्षिणी परकोटे के पास नमाज पढ़ने की कोशिश करते हुए देखा गया। जब वहां मौजूद लोगों ने उसे रोका तो वह जोर-जोर से धार्मिक नारे लगाने लगा, जिससे कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही मंदिर परिसर में तैनात सुरक्षाबलों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और संबंधित व्यक्ति को हिरासत में ले लिया। इसके बाद उसे पूछताछ के लिए अलग ले जाया गया।
सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, हिरासत में लिए गए व्यक्ति की पहचान अहमद शेख के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर जिले के शोपियां क्षेत्र का रहने वाला है और उसकी उम्र करीब 50 वर्ष के आसपास है। फिलहाल उससे विभिन्न सुरक्षा एजेंसियां संयुक्त रूप से पूछताछ कर रही हैं।
प्राथमिक जांच में यह सामने आया है कि वह गेट नंबर-1 के जरिए राम मंदिर परिसर में प्रवेश किया था। हालांकि, उसके इरादों और पृष्ठभूमि को लेकर अधिकारी किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले विस्तृत जांच कर रहे हैं।
इस घटना के बाद अयोध्या में सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट मोड पर हैं। जानकारी के अनुसार, एहतियातन अयोध्या में मौजूद कुछ कश्मीरी शॉल विक्रेताओं और बाहरी लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। कुछ लोगों को अस्थायी तौर पर हिरासत में लेकर उनका सत्यापन किया गया है।
घटना को लेकर फिलहाल जिला प्रशासन या राम मंदिर ट्रस्ट की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। प्रशासनिक सूत्रों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट की जाएगी।
राम मंदिर परिसर पहले से ही उच्च सुरक्षा घेरे में है और इस घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था की दोबारा समीक्षा की जा रही है।
राम मंदिर परिसर में हुई यह घटना संवेदनशील जरूर है, लेकिन सुरक्षाबलों की त्वरित कार्रवाई से स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में रही। फिलहाल मामला जांच के अधीन है और प्रशासन किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी तथ्यों की गहन पड़ताल कर रहा है। जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा कि यह घटना किसी साजिश का हिस्सा थी या व्यक्तिगत कृत्य।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.