जयपुर / अहमदाबाद। टीम इंडिया की ऐतिहासिक जीत के बाद ICC Men's T20 World Cup का जश्न पूरे देश में मनाया जा रहा है। इसी जश्न के बीच भारतीय क्रिकेटर ईशान किशन और जयपुर की मॉडल अदिति हुंडिया एक साथ दिखाई दिए, जिसके बाद दोनों के रिश्ते को लेकर चर्चाएं फिर से तेज हो गई हैं।
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मैच के बाद टीम इंडिया के खिलाड़ी जीत के जश्न में डूबे हुए थे। इसी दौरान ईशान किशन अपनी कथित गर्लफ्रेंड अदिति हुंडिया के साथ नजर आए। दोनों की कई तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।
मैच के बाद स्टेडियम में जब भारतीय टीम जीत का जश्न मना रही थी, तब अदिति हुंडिया भी वहां मौजूद थीं। उन्होंने खिलाड़ियों के साथ बातचीत की और टीम की जीत पर खुशी जाहिर की।
तस्वीरों में अदिति को भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार खिलाड़ियों हार्दिक पांड्या और सूर्यकुमार यादव सहित अन्य खिलाड़ियों के साथ बातचीत करते और जश्न मनाते देखा गया।
एक तस्वीर में ईशान किशन उन्हें गले लगाते हुए भी नजर आए, जिसने सोशल मीडिया पर फैंस का ध्यान अपनी ओर खींच लिया।
अदिति हुंडिया मूल रूप से जयपुर के सिविल लाइंस इलाके की रहने वाली हैं। वह पेशे से एक मॉडल और एंटरप्रेन्योर हैं। जयपुर में उनका खुद का एक फैशन ब्रांड भी है।
मॉडलिंग की दुनिया में उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई है। अदिति Miss Diva 2018 की विजेता रह चुकी हैं और इसके अलावा Femina Miss India प्रतियोगिता की फाइनलिस्ट भी रह चुकी हैं।
मॉडलिंग और फैशन इंडस्ट्री के अलावा वह सोशल मीडिया पर भी काफी सक्रिय रहती हैं और उनके हजारों फॉलोअर्स हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार फाइनल मैच से पहले अदिति हुंडिया को अहमदाबाद में भारतीय टीम के कुछ खिलाड़ियों के साथ एक रेस्तरां में डिनर करते हुए भी देखा गया था।
इसके अलावा 5 मार्च को सेमीफाइनल मैच के दौरान वह वानखेड़े स्टेडियम में भी नजर आई थीं। उस समय वह सूर्यकुमार यादव की पत्नी देविशा शेट्टी के साथ मैच देखने पहुंची थीं।
ईशान किशन और अदिति हुंडिया के रिश्ते को लेकर चर्चाएं नई नहीं हैं। दोनों के अफेयर की खबरें सबसे पहले Indian Premier League 2019 के दौरान सामने आई थीं।
उस समय अदिति कई बार स्टेडियम में ईशान किशन को सपोर्ट करते हुए दिखाई दी थीं। मीडिया में उन्हें उस समय “मिस्ट्री फैनगर्ल” के नाम से भी चर्चा मिली थी।
हाल ही में ईशान किशन के दादा राम अनुग्रह पांडेय ने एक इंटरव्यू में दोनों के रिश्ते का जिक्र किया था। उन्होंने कहा था कि ईशान जिसकी भी पसंद करेगा, परिवार को वह रिश्ता स्वीकार होगा।
उन्होंने बताया था कि अदिति हुंडिया जयपुर की रहने वाली हैं और पेशे से मॉडल हैं। इसके बाद से ही दोनों के रिश्ते की चर्चा और तेज हो गई थी।
क्रिकेट फैंस और सोशल मीडिया पर अब यह सवाल उठने लगा है कि क्या ईशान किशन और अदिति हुंडिया जल्द ही शादी के बंधन में बंध सकते हैं।
हालांकि अभी तक दोनों की ओर से या उनके परिवार की तरफ से इस बारे में कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया गया है। लेकिन टी20 वर्ल्ड कप जीत के जश्न में दोनों का साथ दिखना चर्चा को और हवा दे रहा है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.