दौसा: जिले में मकर संक्रांति का पर्व पूरे उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। शहर की छतों पर सुबह से ही पतंगबाजी का दौर शुरू हो गया, जहां युवाओं के बीच “ये काटा–वो काटा” की गूंज सुनाई देती रही। डीजे की धुनों पर शहर का माहौल पूरी तरह उत्सवमय नजर आया। पर्व के अवसर पर दान-पुण्य और सामाजिक सरोकारों की भी झलक देखने को मिली।
शहर कांग्रेस की ओर से केएम वाटिका में पतंगोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में दौसा विधायक दीनदयाल बैरवा ने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ पतंगबाजी की। इस दौरान विधायक बैरवा डीजे की धुनों पर थिरकते भी नजर आए। आयोजन स्थल पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों की बड़ी संख्या में मौजूदगी रही, जिससे पूरा माहौल उत्साह से भर गया।
महवा विधायक राजेन्द्र मीणा ने मकर संक्रांति के अवसर पर शहर में पैदल भ्रमण कर व्यापारियों और आमजन से रामा-श्यामा की। उन्होंने लोगों को पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि व्यापारियों का उत्साह और आम जनता का अटूट प्रेम इसी तरह बना रहे। उन्होंने कामना की कि मकर संक्रांति का यह पर्व सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और मिठास लेकर आए।
इसके बाद विधायक राजेन्द्र मीणा पालोदा गांव पहुंचे, जहां उन्होंने प्रेम वाल्मीकि के निवास पर जाकर जरूरतमंदों को सर्दी से बचाव के लिए कंबल वितरित किए। साथ ही महवा शहर में विभिन्न स्थानों पर खुले में जीवन यापन करने वाले लोगों के बीच पहुंचकर कंबल और मिठाई बांटी। उन्होंने कहा कि समाज के हर वर्ग का सम्मान और सहायता करना हमारा कर्तव्य है। मेहनतकश लोगों की मुस्कान और उनकी दुआएं ही असली पूंजी हैं।
मनोहरपुर गांव में पूर्व मंत्री गोलमा देवी ने परिवार के सदस्यों के साथ मकर संक्रांति पर विधिवत पूजा-अर्चना की। उन्होंने कहा कि दान-पुण्य के इस महापर्व पर क्षेत्र निरंतर उन्नति के पथ पर अग्रसर रहे और समाज में प्रेम, सौहार्द और भाईचारा और अधिक मजबूत हो।
दौसा जिले में मकर संक्रांति का पर्व जनप्रतिनिधियों और आम जनता की सक्रिय भागीदारी के साथ उल्लासपूर्ण वातावरण में मनाया गया। पतंगबाजी, डीजे, पूजा-अर्चना और दान-पुण्य के माध्यम से यह पर्व सामाजिक एकता और जनसंपर्क का सशक्त माध्यम बना। जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी ने पर्व की खुशियों को और भी खास बना दिया।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.