अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस: के अवसर पर जयपुर की सड़कों पर रविवार को एक अलग ही नज़ारा देखने को मिला। सजी-धजी कारों में सवार करीब 500 महिलाओं ने ‘जोलो लेबल पिंक वुमनिया फन कार रैली’ के जरिए शहर में स्वास्थ्य जागरूकता और ट्रैफिक नियमों का संदेश दिया। यह रैली मानसरोवर स्थित सिटी पार्क से शुरू होकर विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए बिड़ला ऑडिटोरियम पहुंचकर संपन्न हुई।
‘पिंक वुमनिया लेडीज क्लब’ की ओर से आयोजित इस रैली का उद्देश्य महिलाओं में आत्मविश्वास, साहस और ड्राइविंग कौशल को प्रोत्साहित करना था। साथ ही महिला स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाना और ट्रैफिक नियमों का पालन करने का संदेश देना भी इसका मुख्य मकसद रहा।
रैली को जयपुर शहर सांसद मंजू शर्मा, क्लब की फाउंडर कनु मेहता और आईएएस नीरज के. पवन सहित कई गणमान्य अतिथियों ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। एडिशनल डीजी (ट्रैफिक) डॉ. बी.एल. मीणा, हाउसिंग बोर्ड के चीफ इंजीनियर प्रतीक श्रीवास्तव और अन्य अतिथियों की मौजूदगी ने आयोजन को और गरिमा दी।
रैली में शहर की करीब 500 महिलाओं ने भाग लिया। कारों को आकर्षक थीम्स और स्लोगन से सजाया गया था। “बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ”, “महिलाओं की शक्ति-देश की उन्नति” और “इस दुनिया की शान है नारी” जैसे संदेश लिखी कारें शहरवासियों का ध्यान खींचती रहीं।
महाराष्ट्र, हरियाणा और राजस्थानी वेशभूषा में सजी महिलाओं के समूह रैली का खास आकर्षण बने। कुछ प्रतिभागियों ने पुलिस और डाकू की वेशभूषा धारण कर सामाजिक संदेश देने की अनूठी पहल की। इस रचनात्मक प्रस्तुति ने लोगों को खूब प्रभावित किया।
रैली में प्रीति बब्बर, साबरा खान और उनकी टीम द्वारा ट्रैफिक अवेयरनेस थीम पर सजाई गई कार ने सभी का ध्यान खींचा। कार पर हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने और ट्रैफिक सिग्नल का पालन करने के संदेश प्रमुखता से लिखे गए थे।
एडिशनल डीजी (ट्रैफिक) ने भी महिलाओं की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा केवल नियम नहीं, बल्कि जिम्मेदारी है। महिलाओं की भागीदारी से समाज में सकारात्मक संदेश जाएगा।
रैली के समापन पर बिड़ला ऑडिटोरियम में आयोजित ग्लोबल हेल्थ एंड वैलनेस फेस्टिवल के दौरान संगीत की धुनों पर महिलाओं ने जमकर डांस किया। फूलों की होली खेलकर महिला दिवस का उत्सव मनाया गया।
कार्यक्रम में महिला स्वास्थ्य पर विशेष टॉक शो भी आयोजित किया गया, जिसमें विशेषज्ञों ने महिलाओं को नियमित स्वास्थ्य जांच, पोषण और मानसिक स्वास्थ्य के महत्व के बारे में जानकारी दी।
रैली के अंत में विभिन्न श्रेणियों में विजेता प्रतिभागियों को ट्रॉफी, मोमेंटो और उपहार देकर सम्मानित किया गया। आयोजन समिति ने बताया कि इस तरह के कार्यक्रम महिलाओं को आगे बढ़ने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रेरित करते हैं।
पूरे आयोजन के दौरान जयपुर की सड़कों पर गुलाबी रंग की ऊर्जा देखने को मिली। यह केवल एक कार रैली नहीं थी, बल्कि महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य जागरूकता और ट्रैफिक नियमों के पालन का सामूहिक संकल्प था।
‘पिंक वुमनिया फन कार रैली’ ने साबित कर दिया कि महिलाएं केवल घर तक सीमित नहीं, बल्कि समाज को दिशा देने में भी अग्रणी भूमिका निभा रही हैं। 500 महिलाओं की भागीदारी ने जयपुर में महिला शक्ति का प्रभावशाली संदेश दिया। स्वास्थ्य और ट्रैफिक जागरूकता के साथ मनाया गया यह महिला दिवस शहर के लिए यादगार बन गया।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.