झालावाड़। राजस्थान में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही सख्त मुहिम के तहत एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। झालावाड़ जिले के जलदाय विभाग में कार्यरत अधीक्षण अभियंता (सुपरिटेंडेंट इंजीनियर) विष्णुचंद गोयल उर्फ वीसी गोयल को रिश्वत में iPhone लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है।
आरोपी इंजीनियर पर आरोप है कि उसने एक ठेकेदार से बकाया बिल पास कराने और काम में बाधा न डालने की एवज में iPhone 16 Pro की मांग की थी। ठेकेदार की गोपनीय शिकायत के बाद ACB ने पूरी योजना के तहत ट्रैप कार्रवाई की।
परिवादी ठेकेदार ने ACB को दी शिकायत में बताया कि जलदाय विभाग में हैंडपंप रिपेयर, पाइपलाइन लीकेज रिपेयर सहित अन्य कार्यों के ठेके उसे मिले हुए थे। बावजूद इसके, अधीक्षण अभियंता बार-बार काम में आपत्तियां निकालकर परेशान कर रहा था और काम से हटाने की धमकी भी दे रहा था।
ठेकेदार के अनुसार, अगस्त माह में भी उससे रिश्वत की मांग की गई थी। शिकायत लेकर जब वह इंजीनियर वीसी गोयल से मिला, तो समस्या सुलझाने की बजाय आरोपी ने बिल पास करने के बदले एक आईफोन की सीधी मांग कर दी।
लगातार रिश्वत की मांग से परेशान ठेकेदार ने 7 जनवरी को ACB में गोपनीय शिकायत दर्ज करवाई। शिकायत का सत्यापन किया गया, जिसमें रिश्वत मांगने की पुष्टि हो गई। इसके बाद ACB ने जाल बिछाया।
9 जनवरी को ACB ने परिवादी को एक iPhone के साथ आरोपी के कार्यालय भेजा। जैसे ही अधीक्षण अभियंता वीसी गोयल ने कार्यालय में फोन लिया, ACB टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया।
यह कार्रवाई ACB कोटा रेंज के डीआईजी आनंद शर्मा के सुपरविजन में हुई। ऑपरेशन का नेतृत्व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रेरणा शेखावत और पुलिस निरीक्षक साजिद खान ने किया।
फिलहाल, ACB की अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस स्मिता श्रीवास्तव के निर्देशन में आरोपी से पूछताछ और उसके आवास सहित अन्य ठिकानों की तलाशी की कार्रवाई जारी है।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के महानिदेशक गोविंद गुप्ता ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए आरोपी को रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा गया है। मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है।
झालावाड़ में अधीक्षण अभियंता को रिश्वत में iPhone लेते पकड़ा जाना इस बात का संकेत है कि राजस्थान में ACB भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त रुख अपनाए हुए है। यह कार्रवाई सरकारी महकमों में बैठे भ्रष्ट अधिकारियों के लिए कड़ा संदेश मानी जा रही है कि अब रिश्वतखोरी किसी भी रूप में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.