जयपुर। राजधानी जयपुर में शुक्रवार रात तेज रफ्तार और नशे की लापरवाही ने एक बार फिर जानलेवा रूप ले लिया। मानसरोवर के पत्रकार कॉलोनी थाना क्षेत्र में खराबास सर्किल के पास रेसिंग कर रही एक ऑडी कार ने ऐसा कहर मचाया कि पूरा इलाका चीख-पुकार से गूंज उठा।
करीब 120 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ रही ऑडी कार पहले डिवाइडर से टकराई, फिर बेकाबू होकर सड़क किनारे लगी फूड स्टॉल्स और ठेलों में घुस गई। हादसे के वक्त वहां 50 से ज्यादा लोग खाना खा रहे थे। कार 16 से ज्यादा लोगों को रौंदते हुए करीब 100 मीटर आगे जाकर एक पेड़ से टकराकर रुकी।
इस भीषण हादसे में भीलवाड़ा निवासी रमेश बैरवा (हेल्पर) की मौके पर ही मौत हो गई। रमेश एक फूड स्टॉल पर काम करता था।
वहीं 16 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं, जिनमें से 4 की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर घायलों को एसएमएस अस्पताल रेफर किया गया है।
पुलिस के अनुसार, हादसे के वक्त दो कारों के बीच रेसिंग चल रही थी। मौके से पकड़े गए कार सवार पप्पू (रेनवाल निवासी) ने बताया कि ऑडी कार चूरू निवासी दिनेश रणवां चला रहा था।
ऑडी में कुल चार लोग सवार थे और सभी नशे की हालत में थे।
डिवाइडर से टकराने के बाद पीछे चल रही दूसरी कार वापस घूम गई, जबकि ऑडी चालक ने कार को सीधे फूड स्टॉल्स की तरफ मोड़ दिया।
ऑडी की रफ्तार इतनी ज्यादा थी कि—
10 से ज्यादा ठेले-थड़ियां पलट गईं
30 मीटर के दायरे में 12 स्टॉल पूरी तरह तबाह
एक खड़ी कार भी पलट गई
स्थानीय लोगों ने बताया कि कुछ ही सेकंड में पूरा इलाका तबाही में बदल गया।
हादसे के बाद ड्राइवर समेत तीन आरोपी मौके से फरार हो गए। चौंकाने वाली बात यह है कि फरार आरोपियों में जयपुर पुलिस का एक सिपाही भी शामिल है।
भीड़ ने ऑडी में सवार एक युवक को पकड़ लिया, जिसे पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि दुर्घटनाग्रस्त ऑडी कार दमन-दीव रामकृष्ण चैरिटेबल ट्रस्ट के नाम पर रजिस्टर्ड है।
कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है और पुलिस ने उसे जब्त कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी दिनेश रणवां एक सोलर बिजनेसमैन है और उसने तीन महीने पहले ही यह ऑडी खरीदी थी।
कार से सभी आरोपियों के मोबाइल फोन मिले हैं, जिनकी डिजिटल जांच की जा रही है।
जयपुर का यह हादसा एक बार फिर साबित करता है कि नशा, रफ्तार और दिखावे की सनक किस तरह आम लोगों की जिंदगी छीन लेती है। एक रेसिंग कार ने पलभर में एक परिवार का सहारा छीन लिया और कई लोगों को जिंदगी भर का दर्द दे दिया।
अब देखना होगा कि पुलिस फरार आरोपियों को कब तक पकड़ती है और क्या इस मामले में कड़ी कार्रवाई होती है या नहीं।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.