जोधपुर: जोधपुर जिले के तिंवरी क्षेत्र में भारतमाला एक्सप्रेसवे (अमृतसर-जामनगर राष्ट्रीय राजमार्ग) पर रविवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। अनार से भरा एक मिनी ट्रक चालक को नींद की झपकी आने से अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गया। हादसे में ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
यह दुर्घटना रतननगर के पास सुबह के समय हुई, जब ट्रक तेज रफ्तार में दिल्ली मंडी की ओर जा रहा था।
प्रत्यक्षदर्शी खियाराम ने बताया कि सुबह अचानक तेज धमाके की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनते ही आसपास के ग्रामीण मौके की ओर दौड़े। वहां देखा कि मिनी ट्रक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हालत में डिवाइडर से टकराकर ब्रिज से लगा हुआ था।
हादसे के बाद कुछ देर के लिए एक्सप्रेसवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
ट्रक की रफ्तार इतनी तेज थी कि डिवाइडर की रेलिंग पूरी तरह टूट गई। वाहन रेलिंग तोड़ते हुए आगे बढ़ा और अंततः ब्रिज से टकराकर रुक पाया।
हादसे के चलते ट्रक में लदे अनार के बॉक्स सड़क पर चारों तरफ बिखर गए।
रतननगर क्षेत्र के स्थानीय लोग दिनेश, गणेश, हनुमान, खियाराम, हमीराराम, मेहरा और एनएचआई स्टाफ ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत मदद शुरू की।
एनएचआई को सूचना मिलने पर सिरमंडी सेंटर से कर्मचारी जेठाराम भाकर मौके पर पहुंचे।
कड़ी मशक्कत के बाद ट्रक के केबिन में फंसे चालक को बाहर निकाला गया।
मिली जानकारी के अनुसार, मिनी ट्रक सिवाणा क्षेत्र से अनार की खेप लेकर दिल्ली मंडी जा रहा था।
हादसे में अलवर निवासी ड्राइवर रहमान गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद उच्च उपचार के लिए रेफर किया गया।
ट्रक में सवार खलासी को कोई गंभीर चोट नहीं आई और वह सुरक्षित है।
घटना की सूचना मिलते ही ओसियां पुलिस थाना की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और क्षतिग्रस्त ट्रक को हटवाकर यातायात सुचारू करवाया।
प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण ड्राइवर को नींद की झपकी आना बताया जा रहा है।
भारतमाला एक्सप्रेसवे पर हुआ यह हादसा लंबी दूरी की ड्राइविंग के दौरान थकान और नींद की गंभीरता को दर्शाता है। समय रहते स्थानीय लोगों और एनएचआई की मदद से बड़ा हादसा टल गया, लेकिन यह घटना ड्राइवरों के लिए सतर्कता का बड़ा संदेश है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.