जयपुर। राजधानी जयपुर में पर्यटन सीजन के बीच एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां घूमने आए दो जापानी टूरिस्ट रहस्यमय तरीके से लापता हो गए हैं। दोनों पर्यटक दिल्ली से टैक्सी के जरिए जयपुर पहुंचे थे और खाना खाने के लिए मैकडॉनल्ड्स रेस्टोरेंट गए थे, लेकिन इसके बाद वे वापस नहीं लौटे।
मामले की शिकायत टैक्सी ड्राइवर ने अशोक नगर थाना में दर्ज कराई है। पुलिस के अनुसार दोनों पर्यटक टूरिस्ट वीजा पर भारत आए थे और जयपुर में दो रात रुकने की योजना थी।
अशोक नगर थाना प्रभारी मोतीलाल ने बताया कि टैक्सी ड्राइवर पिकेंद्र कुमार ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। ड्राइवर के अनुसार, 6 फरवरी को दोनों जापानी नागरिक—हिबिक्की शिब्बा और युमा—दिल्ली पहुंचे थे। अगले दिन वह उन्हें लेकर जयपुर आया और ब्रह्मपुरी स्थित एक होटल में ठहराया गया।
ड्राइवर के अनुसार, रात को दोनों टूरिस्ट होटल से निकलकर अशोक नगर स्थित एक मैकडॉनल्ड्स रेस्टोरेंट में खाना खाने की बात कहकर गए थे। उन्होंने ड्राइवर से कहा था कि वे जल्द वापस लौटेंगे, इसलिए ड्राइवर टैक्सी वहीं खड़ी कर उनका इंतजार करता रहा।
ड्राइवर ने बताया कि पर्यटकों के मोबाइल फोन उनके पास थे, लेकिन उनके मोबाइल नंबर ड्राइवर के पास नहीं थे। वह 8 फरवरी की सुबह तक रेस्टोरेंट के बाहर इंतजार करता रहा, लेकिन दोनों पर्यटक वापस नहीं आए। उनके सभी बैग और सामान टैक्सी में ही रखे थे।
पुलिस ने रेस्टोरेंट और आसपास के इलाकों में लगे CCTV फुटेज खंगाले हैं। फुटेज में दोनों जापानी टूरिस्ट रेस्टोरेंट में प्रवेश करने के लगभग 5 मिनट बाद ही बाहर निकलते हुए दिखाई दे रहे हैं। इसके बाद वे पैदल कहीं जाते नजर आते हैं, लेकिन आगे का कोई स्पष्ट सुराग अब तक नहीं मिला है।
काफी देर तक इंतजार और संपर्क न होने पर ड्राइवर ने अशोक नगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने टैक्सी में रखे दोनों टूरिस्ट के बैग और सामान को अपनी कस्टडी में ले लिया है और उनके दस्तावेजों की जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, दोनों पर्यटकों ने टैक्सी ड्राइवर को जयपुर के अलग-अलग पर्यटन स्थलों पर घूमने का पूरा प्लान बताया था। इसके बाद उन्हें रणथंभौर और आगरा होते हुए दिल्ली लौटना था। फिलहाल दोनों जयपुर में कहां हैं, इसका कोई ठोस सुराग नहीं मिला है।
पुलिस का कहना है कि सभी संभावित जगहों, होटलों और ट्रांसपोर्ट प्वाइंट्स पर सूचना भेज दी गई है और तलाश जारी है।
जयपुर जैसे प्रमुख पर्यटन शहर में विदेशी पर्यटकों का इस तरह लापता होना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। CCTV फुटेज के बावजूद दोनों जापानी टूरिस्ट का अब तक पता नहीं चल पाना मामले को और रहस्यमय बना रहा है। पुलिस की जांच पर अब सभी की निगाहें टिकी हैं कि आखिर दोनों पर्यटक कहां और किन परिस्थितियों में लापता हुए।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.