दौसा: राजस्थान के दौसा जिले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। महवा थाना पुलिस ने मारपीट और लूट के एक मामले में पिछले पांच महीनों से फरार चल रहे शातिर बदमाश को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ अलग-अलग थानों में 54 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
यह मामला 18 सितम्बर 2025 का है। हुड़ला निवासी गौरव मीना ने Mahwa थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि कुछ बदमाशों ने उसके साथ मारपीट कर 2,450 रुपए लूट लिए।
इस मामले में पुलिस पहले ही दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी थी, लेकिन मुख्य आरोपी लगातार फरार चल रहा था।
मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए थाना प्रभारी राजेंद्र कुमार के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने कई स्थानों पर दबिश दी और तकनीकी एवं मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी की लोकेशन ट्रेस की।
लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुरेश मीणा निवासी मनोहरपुर खोहरा मुल्ला, थाना सलेमपुर के रूप में हुई है।
सुरेश मीणा पुलिस थाना सलेमपुर का ए श्रेणी का हिस्ट्रीशीटर है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार वह अव्वल दर्जे का वाहन चोर और नकबजन है।
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ चोरी, नकबजनी, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में कुल 54 मामले दर्ज हैं। लंबे समय से वह पुलिस की नजर में था और कई मामलों में वांछित चल रहा था।
महवा थाना पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है। संभावना है कि पूछताछ में अन्य वारदातों का भी खुलासा हो सकता है। पुलिस उसकी आपराधिक गतिविधियों से जुड़े नेटवर्क की भी जांच कर रही है।
दौसा पुलिस की यह कार्रवाई कानून-व्यवस्था को लेकर सख्त रुख का संकेत है। 54 मुकदमों वाले शातिर हिस्ट्रीशीटर की गिरफ्तारी से क्षेत्र में अपराध पर लगाम लगाने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।
अब पुलिस आरोपी से पूछताछ के आधार पर अन्य मामलों में भी कार्रवाई की तैयारी में है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.