गोंडा: भारतीय कुश्ती संघ (WFI) के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय कुमार सिंह उर्फ बबलू सिंह ने गोंडा के दो दिवसीय दौरे के दौरान कई अहम मुद्दों पर खुलकर बयान दिए। उन्होंने उत्तर प्रदेश कुश्ती संघ के पदाधिकारियों के साथ आगामी एशियन कुश्ती प्रतियोगिता को लेकर बैठक की और इसके बाद मीडिया से बातचीत में अपने पुराने बयान पर सफाई दी।
WFI अध्यक्ष संजय सिंह ने कुलदीप सेंगर को लेकर पहले दिए गए बयान से यू-टर्न लेते हुए कहा कि दोषी या निर्दोष होने का फैसला कोर्ट ही तय करेगा। उन्होंने कहा,
“हमने कब कहा कि वह निर्दोष है? न्यायपालिका पर हमें पूरा भरोसा है। कोर्ट जो भी निर्णय देगा, वह सभी को स्वीकार करना होगा।”
कुलदीप सेंगर की बेटी और पीड़िता की ओर से न्याय की मांग पर उन्होंने कहा कि भारत संविधान से चलता है, न कि धरना-प्रदर्शन से। यदि सबूत मिलेंगे तो सजा होगी और यदि नहीं मिलेंगे तो कोर्ट बरी करेगा।
आईपीएल में अभिनेता शाहरुख खान की टीम द्वारा बांग्लादेशी खिलाड़ियों को लेने के मुद्दे पर संजय सिंह ने आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि ऐसे देशों से खिलाड़ियों को नहीं लेना चाहिए, जहां से वैमनस्यता बढ़ने की आशंका हो।
उन्होंने कहा,
“हो सकता है किसी खिलाड़ी का दिमाग खराब हो जाए और कोई बड़ी घटना हो जाए। बिना वजह नई दुश्मनी क्यों बढ़ाएं।”
उन्होंने आयोजकों से अपील की कि ऐसे खिलाड़ियों को शामिल करने से बचा जाए।
शाहरुख खान को संत समाज द्वारा देश विरोधी बताए जाने पर संजय सिंह ने कहा कि वे सनातन परंपरा को मानते हैं और संत समाज का सम्मान करते हैं। अगर संत ऐसा कह रहे हैं तो शाहरुख खान को इस पर विचार करना चाहिए।
WFI अध्यक्ष ने बड़ा बयान देते हुए कहा कि 2026 के कॉमनवेल्थ गेम्स में भारतीय पहलवान हिस्सा नहीं लेंगे। इसका कारण बताते हुए उन्होंने कहा कि आयोजकों ने कुश्ती को खेलों की सूची से बाहर कर दिया है, इसलिए भारत इसमें भाग नहीं करेगा।
संजय सिंह ने कहा कि कुश्ती खराब नहीं हो रही, बल्कि अपने चरम पर है। एशियन गेम्स में भारतीय पहलवानों का प्रदर्शन इसका सबूत देगा। उन्होंने कहा कि खिलाड़ी और उनके कोच पूरी तरह ओलंपिक की तैयारी में जुटे हुए हैं और संघ में किसी तरह की राजनीति नहीं चल रही है।
WFI अध्यक्ष संजय कुमार सिंह के बयानों से साफ है कि कुश्ती संघ अंतरराष्ट्रीय विवादों और राजनीति से दूरी बनाते हुए खेल पर फोकस करना चाहता है। कुलदीप सेंगर मामले में कोर्ट के फैसले पर भरोसा जताने के साथ ही बांग्लादेशी खिलाड़ियों को लेकर दिए बयान और कॉमनवेल्थ गेम्स के बहिष्कार की घोषणा ने खेल जगत में नई बहस छेड़ दी है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.