मायावती ने कहा कि आज देश और प्रदेश में जो भी कल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही हैं, वे सभी बसपा सरकार की देन हैं, बस उनके नाम बदल दिए गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विरोधी दलों ने साजिश के तहत बसपा को कमजोर करने और तोड़ने की कोशिश की है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में मायावती ने कहा—
“ब्राह्मण समाज को किसी का चोखा-बाटी नहीं चाहिए, उन्हें सम्मान चाहिए।”
उन्होंने स्पष्ट किया कि बसपा ने हमेशा ब्राह्मण, क्षत्रिय, वैश्य और सभी वर्गों को बराबरी का सम्मान और भागीदारी दी है। मायावती ने कहा कि बसपा ही एकमात्र पार्टी है जिसने बिना भेदभाव के सभी जातियों और धर्मों का ख्याल रखा।
उन्होंने दावा किया कि शीतकालीन सत्र में भाजपा और कांग्रेस के कई विधायक अपनी ही सरकारों से उपेक्षा के चलते नाराज दिखे, जबकि बसपा सरकार में सभी समाजों को पूरा सम्मान मिला।
मायावती ने कहा कि—
कांशीराम के निधन पर राष्ट्रीय शोक घोषित नहीं किया गया
दलित, पिछड़े और मुस्लिम समाज के साथ अन्याय हो रहा है
बसपा सरकार के दौरान कभी दंगा-फसाद नहीं हुआ
यादव समाज समेत सभी वर्गों का ध्यान रखा गया
उन्होंने कहा कि बसपा शासन में कानून-व्यवस्था बेहतर रही और सामाजिक सौहार्द बना रहा।
आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर मायावती ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा—
“भविष्य में बसपा सभी चुनाव अकेले लड़ेगी। गठबंधन से पार्टी को नुकसान हुआ है।”
उन्होंने आरोप लगाया कि गठबंधन के कारण अपर कास्ट वोट जातिवादी पार्टियों को चला जाता है। मायावती ने कहा कि जब अपर कास्ट का भरोसा पूरी तरह बसपा पर बन जाएगा, तभी गठबंधन पर विचार किया जाएगा, लेकिन इसमें अभी वक्त लगेगा।
उन्होंने EVM में धांधली और SIR (मतदाता सूची पुनरीक्षण) को लेकर मिल रही शिकायतों पर भी चिंता जताई और कार्यकर्ताओं से सतर्क रहने की अपील की।
मायावती की प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अचानक शॉर्ट सर्किट हो गया, जिससे कुछ देर के लिए अफरातफरी मच गई। सुरक्षा को देखते हुए प्रेस कॉन्फ्रेंस तुरंत रोक दी गई और सुरक्षाकर्मी मायावती को सुरक्षित बाहर ले गए।
अपने 70वें जन्मदिन पर मायावती ने साफ संदेश दिया कि बसपा अब किसी सहारे के बिना अकेले दम पर सत्ता में वापसी की तैयारी कर रही है। ब्राह्मण समाज को लेकर दिए गए बयान और गठबंधन न करने का ऐलान यूपी की राजनीति में नई बहस छेड़ सकता है। शॉर्ट सर्किट की घटना के बावजूद मायावती का सियासी संदेश पूरी तरह स्पष्ट रहा— सम्मान, भागीदारी और अकेली लड़ाई।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.