मुंबई। ऑस्कर और गोल्डन ग्लोब अवॉर्ड विजेता दिग्गज संगीतकार एआर रहमान इन दिनों अपने एक बयान को लेकर विवादों में घिर गए हैं। हाल ही में एक इंटरव्यू में बॉलीवुड को लेकर की गई उनकी टिप्पणियों को लेकर सोशल मीडिया से लेकर फिल्म इंडस्ट्री तक बहस तेज हो गई। अब इस पूरे विवाद पर एआर रहमान ने चुप्पी तोड़ते हुए अपनी बात साफ की है।
दरअसल, एआर रहमान ने बीबीसी एशियन को दिए एक इंटरव्यू में कहा था कि वह बॉलीवुड में कम काम करने लगे हैं क्योंकि उन्हें इंडस्ट्री में धीरे-धीरे सांप्रदायिक सोच हावी होती महसूस हो रही है। उन्होंने यह भी कहा था कि इसका असर रचनात्मक माहौल पर पड़ रहा है। इसी इंटरव्यू में उन्होंने विक्की कौशल अभिनीत फिल्म ‘छावा’ को भी बांटने वाली फिल्म बताया था।
इन बयानों के सामने आते ही सोशल मीडिया पर रहमान की आलोचना शुरू हो गई। कई लोगों ने उन पर बॉलीवुड और भारतीय सिनेमा की छवि खराब करने का आरोप लगाया, जबकि कुछ ने उनके बयान का समर्थन भी किया।
रविवार को एआर रहमान ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो शेयर कर पूरे मामले पर अपनी प्रतिक्रिया दी। वीडियो में उन्होंने साफ कहा कि उनका इरादा कभी किसी को ठेस पहुंचाने या नफरत फैलाने का नहीं था।
एआर रहमान ने कहा,
“मेरा मकसद कभी भी किसी को दुख पहुंचाना नहीं था। मैं एक संगीतकार हूं और मेरा काम लोगों को जोड़ना है, न कि उन्हें बांटना। मैंने केवल अपने अनुभव साझा किए थे, जिन्हें शायद गलत तरीके से समझ लिया गया।”
रहमान ने आगे कहा कि उन्हें भारतीय होने पर गर्व है, क्योंकि भारत एक ऐसा देश है जहां अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को महत्व दिया जाता है। उन्होंने कहा कि उनकी पूरी संगीत यात्रा ईमानदारी, उद्देश्य और एकता की भावना से जुड़ी रही है।
उन्होंने कहा,
“कभी-कभी इरादों को गलत समझ लिया जाता है, लेकिन मेरी फितरत में नफरत नहीं है। मैंने हमेशा संगीत के जरिए लोगों की सेवा करने की कोशिश की है।”
वीडियो के साथ एआर रहमान ने कैप्शन में लिखा,
“संगीत, संस्कृति और आभार। हमेशा उस कला और उस जमीन की सेवा में हूं, जिसने मुझे बनाया।”
अपने संदेश में रहमान ने हाल के कुछ प्रोजेक्ट्स का भी जिक्र किया। उन्होंने वेव समिट में ‘जला’ की प्रस्तुति, नागालैंड के युवा संगीतकारों के साथ काम और बहुसांस्कृतिक वर्चुअल बैंड ‘सीक्रेट माउंटेन’ का उल्लेख किया।
इसके साथ ही उन्होंने नितेश तिवारी की फिल्म ‘रामायण’ के लिए हैंस जिमर के साथ मिलकर संगीत तैयार करने को गर्व और सम्मान की बात बताया। रणबीर कपूर अभिनीत इस फिल्म को लेकर उन्होंने कहा कि यह उनके लिए एक विशेष और जिम्मेदारी भरा अनुभव है।
एआर रहमान का यह बयान साफ करता है कि उनका उद्देश्य किसी भी समुदाय या फिल्म इंडस्ट्री को निशाना बनाना नहीं था। उन्होंने खुद को एक कलाकार बताते हुए एक बार फिर यह दोहराया कि संगीत उनके लिए जोड़ने का माध्यम है, तोड़ने का नहीं। विवाद के बीच उनका यह संदेश एकता, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और रचनात्मक ईमानदारी पर जोर देता है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.