राजस्थान ने ऊर्जा क्षेत्र में एक साथ दो बड़े मील के पत्थर हासिल किए हैं। राज्य सरकार ने जहां थर्मल पावर उत्पादन में ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज की है, वहीं ग्रीन एनर्जी के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए अमेरिका के कैलिफोर्निया राज्य के साथ समझौता किया है। ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने जयपुर में आयोजित वर्चुअल हस्ताक्षर समारोह में इन उपलब्धियों की जानकारी दी।
राजस्थान विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड (RVUNL) की 23 उत्पादन इकाइयों ने एक ही दिन में 7171 मेगावाट बिजली का उत्पादन कर अपनी कुल स्थापित क्षमता का 94.6 प्रतिशत उपयोग किया, जिसे एक ऐतिहासिक रिकॉर्ड माना जा रहा है। ऊर्जा मंत्री ने बताया कि यह उपलब्धि प्रदेश की तकनीकी दक्षता और बेहतर प्रबंधन का परिणाम है। सरकार का लक्ष्य अब इस उच्च उत्पादन क्षमता को लगातार बनाए रखना और पूरे वर्ष रिकॉर्ड स्तर पर बिजली उत्पादन सुनिश्चित करना है।
इसी के साथ राजस्थान ने रिन्यूएबल एनर्जी क्षेत्र में वैश्विक सहयोग की दिशा में कदम बढ़ाते हुए कैलिफोर्निया ऊर्जा आयोग और राजस्थान विद्युत नियामक आयोग (RERC) के बीच समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए हैं। इस साझेदारी का उद्देश्य सौर और पवन ऊर्जा जैसे स्वच्छ ऊर्जा स्रोतों को बढ़ावा देना और तकनीकी आदान-प्रदान को मजबूत करना है।
ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने कहा कि राजस्थान और कैलिफोर्निया दोनों ही स्वच्छ ऊर्जा और सतत विकास के साझा लक्ष्य के साथ काम कर रहे हैं। यह सहयोग आने वाले समय में ऊर्जा क्षेत्र में नई तकनीकों और बेहतर नीतियों के विकास में मदद करेगा, जिससे राज्य को सस्ती, सुरक्षित और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने में और मजबूती मिलेगी।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.