पाली जिले में आयोजित ‘छात्रों की गूंज अब पाली में’ कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस विधायक भीमराज भाटी के बयान को लेकर सियासी विवाद खड़ा हो गया है। विधायक ने अपने संबोधन में कहा कि कांग्रेस के कुछ लोग गलत दिशा में काम करते हैं और ऐसे लोगों की बातों पर ध्यान नहीं देना चाहिए। उन्होंने यह भी दावा किया कि जिन लोगों ने गलत कार्य किए हैं, उनकी संपत्तियां और फैक्ट्रियां बिक चुकी हैं।
अपने भाषण में विधायक ने भाजपा पर भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने राम मंदिर में चढ़ावे से जुड़ी कथित चोरी के मामले का जिक्र करते हुए कहा कि आस्था के साथ खिलवाड़ हुआ है, लेकिन भाजपा इस मुद्दे पर चुप क्यों है। साथ ही उन्होंने चुनाव प्रक्रिया और लोकतंत्र को लेकर भी विवादित टिप्पणी करते हुए कहा कि यदि किसी तरह भाजपा चुनाव जीत जाती है तो भविष्य में चुनाव प्रणाली पर सवाल खड़े हो सकते हैं।
कार्यक्रम में विधायक ने शिक्षा व्यवस्था, पेपर लीक और बेरोजगारी जैसे मुद्दों को लेकर सरकार पर निशाना साधा और शिक्षा मंत्री से इस्तीफे की मांग उठाई। इस दौरान कॉलेज प्रशासन और अन्य अधिकारियों पर भी टिप्पणी की गई, जिसे लेकर कॉलेज प्रिंसिपल और अन्य संगठनों ने आरोपों को बेबुनियाद बताया है।
वहीं कांग्रेस नेताओं ने शिक्षा व्यवस्था, पेपर लीक मामलों और युवाओं के भविष्य को लेकर चिंता जताते हुए निष्पक्ष जांच और सुधार की मांग की। कार्यक्रम में कई कांग्रेस पदाधिकारियों और छात्र नेताओं ने भी अपने विचार रखे और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की आवश्यकता पर जोर दिया।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.