राजस्थान की सबसे सुरक्षित मानी जाने वाली अजमेर हाई सिक्योरिटी जेल में उस समय सनसनी फैल गई जब कुख्यात डकैत जगन गुर्जर की उसी की सेल में गला घोंटकर हत्या कर दी गई। यह वारदात वार्ड नंबर-2, ब्लॉक-4 की सेल नंबर-5 में हुई, जहां जगन गुर्जर और कुलदीप जघीना हत्याकांड के आरोपी विष्णु को एक साथ रखा गया था। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि दोनों ने घटना से पहले साथ खाना खाया, सेल की सफाई की और लूडो भी खेला। इसी दौरान विष्णु ने अचानक तौलिए से पीछे से जगन का गला घोंट दिया और उसकी हत्या कर दी।
आरोपी विष्णु ने पूछताछ में बताया कि जगन उसकी बहन पर आपत्तिजनक टिप्पणियां करता था और इसी रंजिश में उसने हत्या की योजना बनाई थी। घटना के बाद जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए। जांच में यह भी सामने आया कि कई कैमरे खराब थे और मोबाइल जैमर के कारण तुरंत सूचना संचार में भी दिक्कत आई।
यह मामला जेल की अभेद्य सुरक्षा व्यवस्था की बड़ी चूक माना जा रहा है, क्योंकि हाई सिक्योरिटी जेल में बंदियों की निगरानी के बावजूद एक बंदी ने दूसरे की हत्या कर दी।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.