राजस्थान में जल जीवन मिशन (JJM) से जुड़े कथित 960 करोड़ रुपये के टेंडर घोटाले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पूर्व जलदाय मंत्री महेश जोशी और उनके सहयोगी संजय बडाया के खिलाफ विशेष अदालत (मामलात क्रम-2) में करीब 3000 पन्नों की चार्जशीट दाखिल की है। विशेष लोक अभियोजक मंजुला जैन के अनुसार, चार्जशीट में भ्रष्टाचार के आरोपों से जुड़े कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और साक्ष्य शामिल किए गए हैं। दोनों आरोपियों पर भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत आरोप लगाए गए हैं। ACB की जांच के अनुसार, श्रीगणपति ट्यूबवेल और श्रीश्याम ट्यूबवेल नामक फर्मों के संचालकों ने इरकॉन इंटरनेशनल लिमिटेड के फर्जी अनुभव प्रमाण पत्र तैयार किए और जलदाय विभाग (PHED) के अधिकारियों से कथित मिलीभगत कर लगभग 960 करोड़ रुपये के टेंडर हासिल किए। इस मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने भी मनी लॉन्ड्रिंग का मामला दर्ज कर जांच की थी और महेश जोशी सहित अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया था। सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिलने के बाद ACB ने महेश जोशी को पुनः गिरफ्तार किया। वर्तमान में महेश जोशी और संजय बडाया न्यायिक हिरासत में हैं। वहीं पूर्व आईएएस अधिकारी सुबोध अग्रवाल सहित 10 अन्य आरोपियों के खिलाफ पहले ही चालान पेश किया जा चुका है, जबकि कुछ अन्य आरोपियों की जांच अभी जारी है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.