उदयपुर और मेवाड़ क्षेत्र में आगामी दिनों में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार 11 जून से प्री-मानसून गतिविधियां शुरू होने की संभावना है, जबकि एक सप्ताह बाद मानसून (Monsoon 2026) की बारिश होने का अनुमान है। राजस्थान में 11 जून से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है, जिससे राज्य के कुछ हिस्सों में आंधी और बारिश की गतिविधियों में वृद्धि हो सकती है।
मौसम विशेषज्ञ नरपत सिंह राठौड़ के अनुसार, दक्षिण-पश्चिमी मानसून की शाखाएं अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से नमी लेकर देश के भीतरी हिस्सों की ओर बढ़ रही हैं। इसके प्रभाव से महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, कर्नाटक, तेलंगाना और छत्तीसगढ़ में मानसून पूर्व की अच्छी वर्षा हो रही है। अगले 36 घंटों में मानसून मुंबई तक पहुंच सकता है। बंगाल की खाड़ी की शाखा अगले 3-4 दिनों में आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, ओडिशा, छत्तीसगढ़, झारखंड और पश्चिम बंगाल होते हुए उत्तर-पूर्वी भारत तक पहुंचेगी।
मेवाड़, वागड़ और हाड़ौती क्षेत्र में अगले 2-3 दिनों में प्री-मानसून गतिविधियों की संभावना है। इस दौरान तेज हवा के साथ अच्छी बारिश होने की उम्मीद है। वर्तमान परिस्थितियां अनुकूल रहीं तो 11 जून के आसपास प्री-मानसून वर्षा का दौर शुरू हो सकता है।
साथ ही, राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ के परिसंचरण तंत्र कमजोर होने से गर्मी बढ़ रही है। मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार, 8 से 11 जून के दौरान कुछ स्थानों पर अधिकतम तापमान 44–46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है और हीटवेव चलने की संभावना है। हाल ही में बीकानेर, टोंक, अलवर, दौसा, सीकर और भीलवाड़ा में हल्की बारिश और बूंदाबांदी दर्ज की गई।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.