जोधपुर पुलिस कमिश्नरेट के बासनी थाने में तैनात एक महिला कांस्टेबल ने जालोर जिले के भीनमाल क्षेत्र में ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर भीनमाल के सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। प्रारंभिक जांच में आत्महत्या के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं, हालांकि बताया जा रहा है कि महिला कांस्टेबल पिछले कई दिनों से ड्यूटी से गैरहाजिर चल रही थीं।
मृतका की पहचान 30 वर्षीय सुआ देवी पत्नी दिनेश के रूप में हुई है, जो जालोर जिले के भीनमाल थाना क्षेत्र के पुनासा गांव की रहने वाली थीं और वर्तमान में जोधपुर के बासनी थाने में कांस्टेबल के पद पर कार्यरत थीं। मंगलवार शाम उनका शव रामसीन रेलवे क्रॉसिंग के पास क्षत-विक्षत हालत में मिला। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
बुधवार को भीनमाल पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाकर शव अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया। पुलिस ने मामले में मर्ग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है।
इसी क्षेत्र में एक अलग सड़क हादसे में पूनासा रोड पर पिकअप और कार की टक्कर में एक युवक की मौत हो गई। वाड़ाभाड़वी निवासी मनोहरलाल विश्नोई (35) की कार घुमाव पर पिकअप से टकराकर सड़क किनारे नीम के पेड़ से टकरा गई और खेत में पलट गई। घायल को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने दोनों मामलों में जांच शुरू कर दी है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.