दी इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड एकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (ICAI) ने मई में आयोजित सीए फाइनल परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया है, जिसमें जोधपुर की दो छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन किया है। मथानिया निवासी अर्पिता डागा ने देशभर में चौथी रैंक हासिल कर शहर और परिवार का नाम रोशन किया है। अर्पिता ने 600 में से 469 अंक प्राप्त किए हैं और वर्तमान में अपने परिवार के साथ मुंबई में रहकर पढ़ाई कर रही थीं। उनके पिता जयप्रकाश डागा भी सीए हैं और मुंबई में प्रैक्टिस करते हैं। अर्पिता भविष्य में एमबीए के साथ-साथ सीए प्रैक्टिस करने की योजना रखती हैं।
वहीं दूसरी ओर, कमला नेहरू नगर निवासी अनुष्का भूतड़ा ने ऑल इंडिया 34वीं रैंक प्राप्त की है। अनुष्का ने 419 अंक हासिल किए हैं और उन्होंने 10वीं में 95.60 प्रतिशत तथा 12वीं में 98.8 प्रतिशत अंक प्राप्त किए थे। उनका लक्ष्य कॉर्पोरेट सेक्टर में नौकरी करना है।
ICAI जोधपुर शाखा के अनुसार इस बार परीक्षा परिणाम में कुल 7,931 सीए पास हुए हैं। जोधपुर में दोनों ग्रुप की परीक्षा में 160 विद्यार्थियों में से केवल 16 सफल हुए हैं, जबकि विभिन्न ग्रुपों के परिणामों में भी पास प्रतिशत अलग-अलग रहा है।
अर्पिता का कहना है कि जीवन में लक्ष्य तय कर अनुशासन के साथ पढ़ाई करने से कोई भी कठिनाई बड़ी नहीं लगती। वहीं अनुष्का ने छात्रों को निरंतरता और संयम के साथ पढ़ाई करने की सलाह दी है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.