जानकारी के अनुसार, हादसा गुरुवार रात करीब 10 बजे हुआ। अहमदाबाद से उदयपुर की ओर जा रही कार खेरवाड़ा में नेशनल हाईवे-48 पर नवजीवन हॉस्पिटल के सामने पहुंची थी। इसी दौरान सड़क किनारे खड़े ट्रेलर में कार पीछे से जा घुसी।
टक्कर इतनी तेज थी कि कार का आधे से ज्यादा अगला हिस्सा ट्रेलर के नीचे घुस गया। कार का बोनट टूटकर बिखर गया और वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। कुछ समय के लिए हाईवे पर जाम जैसी स्थिति बन गई।
हादसे में कार सवार अफजल भाई पुत्र असलम भाई, हसबुद्दीन पुत्र मुस्लिम भाई और जाहियाबाज पुत्र अब्दुल भाई घायल हो गए। तीनों अहमदाबाद के निवासी बताए गए हैं। राहगीरों की मदद से उन्हें खेरवाड़ा अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया गया।
सूचना मिलने पर खेरवाड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को एंबुलेंस की सहायता से अस्पताल पहुंचाया गया। इसके बाद क्रेन की मदद से ट्रेलर के नीचे फंसी कार को बाहर निकालकर सड़क किनारे किया गया। पुलिस की कार्रवाई के बाद हाईवे पर यातायात व्यवस्था बहाल हो सकी।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.