मॉर्निंग वॉक के दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि आगामी 15 दिसंबर को राज्य सरकार के तीन साल पूरे होने जा रहे हैं। इस अवसर पर सरकार अपने तीन साल के कार्यकाल का लेखा-जोखा जनता के सामने रखेगी। उन्होंने कहा कि सरकार ने संकल्प पत्र में जनता से किए गए वादों को पूरा करने की दिशा में लगातार काम किया है। इसके साथ ही आगामी योजनाओं और सरकार के अगले कदमों की जानकारी भी साझा की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले तीन साल में प्रदेश में ऐसी योजनाओं को धरातल पर उतारने का प्रयास किया गया है, जो पहले केवल कागजों तक सीमित थीं। युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए सरकार ने काम किया है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में पेपर लीक की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने में भी सरकार सफल रही है।
जवाहर सर्किल पर मॉर्निंग वॉक के दौरान मुख्यमंत्री ने आमजन से प्रदेश के विकास और सरकार के कामकाज को लेकर बातचीत की। उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य और प्रदेश के विकास को ध्यान में रखते हुए सरकार आगे भी जनहित से जुड़े कार्यों और विकास योजनाओं को गति देगी।
इस दौरान उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा, सुमन शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.