मुंबई: मशहूर स्टैंडअप कॉमेडियन और बिग बॉस 17 के विनर मुनव्वर फारूकी के घर खुशियों ने दस्तक दी है। मुनव्वर और उनकी पत्नी महजबीन कोटवाला अब एक बेटी के माता-पिता बन गए हैं। इस खुशखबरी की जानकारी खुद मुनव्वर ने सोशल मीडिया के जरिए अपने फैंस के साथ साझा की।
शुक्रवार को मुनव्वर ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर पत्नी महजबीन और नवजात बेटी की कुछ तस्वीरें पोस्ट कीं। हालांकि उन्होंने तस्वीरों में बेटी और पत्नी का चेहरा पूरी तरह रिवील नहीं किया, लेकिन पोस्ट के साथ लिखा गया उनका भावुक संदेश सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
मुनव्वर फारूकी ने इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा, “घर में बरकत आई। धन्य महसूस कर रहा हूं। अल्हम्दुलिल्लाह। दुआओं में खास याद रखना!”
पोस्ट सामने आते ही फैंस और सेलेब्स की ओर से बधाइयों का सिलसिला शुरू हो गया। सोशल मीडिया पर लाखों लोगों ने कपल को नई शुरुआत के लिए शुभकामनाएं दीं।
मुनव्वर की पोस्ट पर कई बड़े सेलिब्रिटीज ने कमेंट कर उन्हें बधाई दी। बॉलीवुड अभिनेता वरुण धवन ने हार्ट इमोजी के साथ शुभकामनाएं भेजीं। वहीं टीवी अभिनेत्री जन्नत जुबैर, सोशल मीडिया स्टार मिस्टर फैजू, एक्ट्रेस रीम शेख और अभिनेता अली गोनी ने भी कपल को ढेर सारी बधाइयां दीं।
फैंस भी लगातार सोशल मीडिया पर मुनव्वर की पोस्ट शेयर कर रहे हैं और उन्हें “बेटी के पिता” बनने पर शुभकामनाएं दे रहे हैं।
मुनव्वर फारूकी ने मई 2024 में मेकअप आर्टिस्ट महजबीन कोटवाला से शादी की थी। यह उनकी दूसरी शादी थी। खास बात यह रही कि दोनों ने अपनी शादी को काफी प्राइवेट रखा था और उस समय कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की थी।
बाद में जब उनकी शादी की तस्वीरें सोशल मीडिया पर सामने आईं, तब फैंस को इस रिश्ते की जानकारी मिली। शादी के बाद दोनों कई मौकों पर साथ नजर आए और सोशल मीडिया पर भी उनकी बॉन्डिंग की चर्चा होती रही।
फिल्ममेकर फराह खान के व्लॉग में मुनव्वर फारूकी ने अपनी दूसरी शादी के बारे में खुलकर बात की थी। उन्होंने बताया था कि यह फैसला उन्होंने अपने बेटे मिखाइल के भविष्य और परिवार की खुशियों को ध्यान में रखते हुए लिया।
मुनव्वर के मुताबिक, बेटे के साथ समय बिताने के बाद उन्हें एहसास हुआ कि उन्हें एक जिम्मेदार पिता और बेहतर इंसान बनने की जरूरत है। उन्होंने यह भी कहा कि महजबीन और उनके बेटे के बीच शुरुआत से ही अच्छा रिश्ता बन गया था।
मुनव्वर ने यह भी खुलासा किया था कि महजबीन की पहले से एक 10 साल की बेटी है। उन्होंने बताया कि दोनों परिवारों के बीच इमोशनल कनेक्शन बहुत जल्दी बन गया था।
कॉमेडियन ने मजाकिया अंदाज में कहा था कि उन्होंने महजबीन से मिलने के अगले ही दिन शादी के लिए प्रपोज कर दिया था। यही वजह है कि दोनों की लव स्टोरी सोशल मीडिया पर काफी चर्चा में रही।
मुनव्वर फारूकी की पहली शादी साल 2017 में जैस्मिन नाम की महिला से हुई थी। यह एक अरेंज मैरिज थी और इस शादी से उनका एक बेटा मिखाइल है।
हालांकि यह रिश्ता ज्यादा लंबा नहीं चल पाया और लगभग पांच साल बाद दोनों अलग हो गए। साल 2022 में उनका आधिकारिक तलाक हो गया था। तलाक के बाद मुनव्वर ने अपने करियर और बेटे पर फोकस किया।
वर्कफ्रंट की बात करें तो मुनव्वर फारूकी टीवी और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर लगातार एक्टिव हैं। बिग बॉस 17 जीतने के बाद उनकी लोकप्रियता काफी बढ़ गई थी।
हाल ही में वह अभिनेत्री सोनाली बेंद्रे के साथ शो ‘पति, पत्नी और पंगा’ को होस्ट करते नजर आए थे। इसके अलावा उनके स्टैंडअप शो और पॉडकास्ट भी फैंस के बीच काफी लोकप्रिय हैं।
मुनव्वर फारूकी और महजबीन कोटवाला के घर बेटी के जन्म से खुशियों का माहौल है। सोशल मीडिया पर फैंस और सेलेब्स लगातार कपल को बधाई दे रहे हैं। मुनव्वर का भावुक पोस्ट इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है और फैंस इस नई शुरुआत के लिए उन्हें शुभकामनाएं दे रहे हैं।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.