बारां जिले के भंवरगढ़ क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर तेजाजी के थानक के सामने सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें ट्रैक्टर-ट्रॉली और मोटरसाइकिल की आमने-सामने टक्कर में दंपती गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई, जिन्होंने तुरंत घायलों की मदद करते हुए पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। दोनों घायलों को 108 एंबुलेंस के जरिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
उपचार के दौरान 45 वर्षीय महिला द्रौपदी बाई गुर्जर की मौत हो गई, जबकि उनके पति घनश्याम गुर्जर की हालत गंभीर बनी हुई है और उन्हें बेहतर इलाज के लिए कोटा रेफर किया गया है। दोनों बारां जिले के सादर थाना क्षेत्र के मियांडा गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। सहायक उप निरीक्षक भानु प्रताप सिंह के अनुसार मृतका का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और दुर्घटना के कारणों की जांच के लिए प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.