पुलिस के अनुसार, निम्स हॉस्पिटल एवं मेडिकल कॉलेज के ग्राउंड फ्लोर पर स्थित ऑपरेशन थिएटर की फॉल सीलिंग में अचानक आग की लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते ओटी और एमआईसीयू क्षेत्र में धुआं भर गया।
आग का पता चलते ही अस्पताल में मौजूद मरीजों और उनके परिजनों में हड़कंप मच गया। अस्पताल प्रबंधन और पुलिस की मदद से मरीजों को वार्ड से बाहर निकाला गया। कुछ मरीजों को उनके परिजन खुद ही सुरक्षित स्थान पर लेकर पहुंचे।
आग लगने की सूचना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मरीजों के परिजन अपने-अपने मरीजों को लेकर बाहर निकलते दिखाई दिए। इस दौरान अस्पताल परिसर में बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए।
परिजनों का आरोप है कि आग लगने के बाद समय पर उचित राहत और आग बुझाने के इंतजाम नहीं हो सके। इसके चलते कई गंभीर मरीजों को भी अस्पताल के बाहर खुले स्थान पर रहना पड़ा।
प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। हालांकि, आग के वास्तविक कारण और घटना में हुए नुकसान की विस्तृत जानकारी जांच के बाद ही सामने आएगी।
फिलहाल पुलिस और अस्पताल प्रबंधन की ओर से घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है। आग की घटना ने अस्पताल में मरीजों की सुरक्षा और आपातकालीन अग्निशमन व्यवस्थाओं को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.