शुभेंदु अधिकारी ने मंगलवार को कोलकाता में आयोजित एक समिट के दौरान यह खुलासा किया। उन्होंने प्रणब मुखर्जी को अपना ‘ओरिजिनल एडवाइजर’ बताते हुए कहा कि वे उनके लिए अभिभावक की तरह थे।
शुभेंदु अधिकारी ने बताया कि राष्ट्रपति बनने के बाद जब वे प्रणब मुखर्जी से मिलने राष्ट्रपति भवन गए थे, तब दोनों के बीच यह बातचीत हुई थी।
शुभेंदु के अनुसार, प्रणब मुखर्जी ने उनसे कहा था, “सोचिए कि आप क्या करना चाहते हैं। TMC बुआ-भतीजे की पार्टी है। अगर कर्मचारी बनकर रहना चाहते हैं तो यहीं रहिए। अगर अपने दम पर आगे बढ़ना चाहते हैं तो मोदीजी के साथ जाइए।”
हालांकि, शुभेंदु अधिकारी ने इस बातचीत की तारीख बताने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि प्रणब मुखर्जी अब इस दुनिया में नहीं हैं और उनके बयान से विवाद हो सकता है। इसलिए वे इस मामले में ज्यादा कुछ नहीं कहना चाहते।
शुभेंदु अधिकारी कभी तृणमूल कांग्रेस में ममता बनर्जी के बाद सबसे प्रभावशाली नेताओं में गिने जाते थे। उन्होंने 2009 और 2014 में तमलुक लोकसभा सीट से चुनाव जीता था। वर्ष 2016 में वे नंदीग्राम से विधायक बने और ममता बनर्जी सरकार में परिवहन मंत्री की जिम्मेदारी संभाली।
पार्टी में अभिषेक बनर्जी का कद बढ़ने के साथ शुभेंदु अधिकारी और TMC नेतृत्व के बीच मतभेद बढ़ने लगे। इसके बाद नवंबर 2020 में उन्होंने परिवहन मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया और दिसंबर 2020 में भाजपा में शामिल हो गए।
BJP में आने के बाद शुभेंदु अधिकारी ने 2021 के विधानसभा चुनाव में नंदीग्राम सीट से ममता बनर्जी को करीब 1,956 वोटों से हराया था। इसके बाद उन्हें पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बनाया गया।
शुभेंदु अधिकारी के बयान पर तृणमूल कांग्रेस सांसद सौगत रॉय ने सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि शुभेंदु अधिकारी TMC छोड़कर भाजपा में शामिल हुए थे और अब इसके पीछे प्रणब मुखर्जी की सलाह का हवाला दे रहे हैं।
सौगत रॉय ने कहा कि प्रणब मुखर्जी अब जीवित नहीं हैं। ऐसे में यह कैसे पता चलेगा कि मुख्यमंत्री सच बोल रहे हैं या नहीं?
शुभेंदु अधिकारी के इस दावे ने पश्चिम बंगाल की राजनीति में नई चर्चा शुरू कर दी है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.