मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा हेलीकॉप्टर से तनोट पहुंचे, जहां पुलिस-प्रशासन और बीएसएफ के अधिकारियों ने उनकी अगवानी की। तनोट माता मंदिर परिसर में बीएसएफ की ओर से मुख्यमंत्री को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर माता के दर्शन किए और प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
भाई दूज के अवसर पर मुख्यमंत्री बीएसएफ की महिला जवानों के बीच पहुंचे। यहां महिला जवानों ने भाई दूज की परंपरा निभाते हुए मुख्यमंत्री की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधा। इस आत्मीय पल में मुख्यमंत्री भावुक और अभिभूत नजर आए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि एक ओर तनोट माता के दर्शन का सौभाग्य मिला है, वहीं दूसरी ओर अपनी बहनों का आशीर्वाद लेने का अवसर भी प्राप्त हुआ है। यह उनके लिए हर्ष और गर्व का विषय है। उन्होंने सीमा प्रहरियों के समर्पण और देश की सुरक्षा में उनके योगदान की सराहना की।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में विकसित भारत-2047 के संकल्प का उल्लेख करते हुए युवा, महिला, किसान और मजदूर सहित समाज के प्रत्येक वर्ग के सशक्तीकरण की बात कही। उन्होंने बीएसएफ अधिकारियों को भरोसा दिलाया कि सीमा सुरक्षा से जुड़े कार्यों में राज्य सरकार हरसंभव सहयोग करेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सीमा क्षेत्र में पानी की समस्या सामने आने पर राज्य सरकार ने पूर्व में भी तत्काल बजट स्वीकृत किया था। सीमा पर तैनात जवानों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो, इसके लिए प्रदेश सरकार केंद्र के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम करेगी।
मुख्यमंत्री के संबोधन के बाद बीएसएफ के आईजी विकास पाठक ने अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने मुख्यमंत्री के तनोट आगमन और बीएसएफ जवानों के साथ भाई दूज मनाने पर आभार जताया। साथ ही सीमा क्षेत्र में स्थित बीएसएफ की विभिन्न चेक पोस्ट पर आने का निमंत्रण भी दिया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की मौजूदगी सीमा प्रहरियों के लिए सम्मान और उत्साह बढ़ाने वाला अवसर है।
तनोट माता मंदिर में दर्शन के बाद मुख्यमंत्री ने बीएसएफ अधिकारियों से सीमा क्षेत्र की व्यवस्थाओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली। इसके अलावा मंदिर संचालन से जुड़ी व्यवस्थाओं का फीडबैक भी लिया।
मुख्यमंत्री ने वर्ष 1965 और 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध के दौरान पाकिस्तान की ओर से गिराए गए जिंदा बमों के बारे में भी जानकारी प्राप्त की। उन्होंने मंदिर परिसर में विधिवत रुमाल बांधकर अपनी आस्था प्रकट की।
इस दौरान तनोट मंदिर में बढ़ती पर्यटकों की संख्या, धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने और मंदिर की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने को लेकर भी चर्चा हुई।
कार्यक्रम में जैसलमेर विधायक छोटू सिंह सहित पार्टी के कार्यकर्ता मौजूद रहे। वहीं बीएसएफ आईजी विकास पाठक सहित अन्य अधिकारियों ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री का यह दौरा धार्मिक आस्था, भाई-बहन के स्नेह और देश की सीमाओं की रक्षा में जुटे जवानों के सम्मान का प्रतीक बना।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.