Download App Now Register Now

जयपुर प्रथम में 12 नवंबर से शुरू हुआ सांस अभियान, 5 साल तक के बच्चों में निमोनिया की होगी पहचान और उपचार

जयपुर। पांच वर्ष तक के बच्चों को निमोनिया जैसी गंभीर बीमारी से बचाने और समय पर उपचार उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से जयपुर प्रथम जिले में सांस अभियान शुरू किया गया है। 12 नवंबर 2026 से शुरू हुआ यह अभियान 28 फरवरी 2027 तक संचालित होगा। इसके तहत स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर पहुंचकर बच्चों में निमोनिया के लक्षणों की पहचान करेंगी और अभिभावकों को बीमारी से बचाव के प्रति जागरूक करेंगी।

इसके साथ ही 15 से 21 नवंबर तक राष्ट्रीय नवजात शिशु सप्ताह भी मनाया जाएगा। दोनों कार्यक्रमों के जरिए नवजात शिशुओं और पांच वर्ष तक के बच्चों के स्वास्थ्य संरक्षण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

घर-घर जाकर बच्चों में निमोनिया के लक्षणों की होगी पहचान

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जयपुर प्रथम डॉ. रवि शेखावत ने बताया कि सांस अभियान के तहत शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों में निमोनिया के लक्षणों की शीघ्र पहचान, समय पर उपचार और गंभीर स्थिति में उच्च चिकित्सा संस्थान तक पहुंचाने पर जोर रहेगा।

अभियान के दौरान आशा सहयोगिनियां घर-घर जाकर बच्चों की स्वास्थ्य जांच और लक्षणों की पहचान करेंगी। इनमें खांसी, तेज सांस चलना, छाती में धंसाव, सांस लेने में परेशानी और दूध या अन्य तरल पदार्थ पीने में असमर्थता जैसे लक्षण शामिल हैं। संभावित निमोनिया से पीड़ित बच्चों को निर्धारित उपचार उपलब्ध करवाया जाएगा। जरूरत पड़ने पर उन्हें उच्च चिकित्सा संस्थान में रेफर किया जाएगा।

अस्पतालों में दवाइयों और ऑक्सीजन की व्यवस्था

जिला प्रजनन एवं शिशु स्वास्थ्य अधिकारी जयपुर प्रथम डॉ. महेश चौधरी ने बताया कि स्वास्थ्य संस्थानों में निमोनिया के उपचार के लिए आवश्यक दवाइयों, ऑक्सीजन और चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी।

इसके लिए शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और उप जिला अस्पतालों में उपचार संबंधी व्यवस्थाओं को मजबूत किया जाएगा। अभियान के प्रभावी संचालन के लिए चिकित्सा अधिकारियों, नर्सिंगकर्मियों, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों, महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं और आशा सहयोगिनियों को प्रशिक्षित किया जाएगा।

टीकाकरण और बचाव पर रहेगा विशेष जोर

सांस अभियान के तहत बच्चों को निमोनिया से बचाने के लिए नियमित टीकाकरण को बढ़ावा दिया जाएगा। विशेष रूप से पेंटावेलेंट और न्यूमोकोकल टीके की सभी निर्धारित खुराक सुनिश्चित करने पर ध्यान दिया जाएगा। अभियान के प्रमुख घटकों में रोकथाम, सुरक्षा और उपचार को शामिल किया गया है।

15 से 21 नवंबर तक राष्ट्रीय नवजात शिशु सप्ताह

राष्ट्रीय नवजात शिशु सप्ताह का आयोजन 15 से 21 नवंबर तक किया जाएगा। इस वर्ष इसकी थीम 'स्मॉल बेबीज, बिग पोटेंशियल' रखी गई है। इस दौरान नवजात शिशुओं की बेहतर देखभाल, स्तनपान को प्रोत्साहन, नवजात संक्रमणों की रोकथाम और समय पर स्वास्थ्य जांच के प्रति जागरूकता बढ़ाई जाएगी।

स्वास्थ्य विभाग की अभिभावकों से अपील

स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि बच्चों में खांसी, तेज सांस चलने, छाती में धंसाव या सांस लेने में परेशानी जैसे लक्षण दिखाई देने पर लापरवाही न बरतें। नवजात शिशुओं की विशेष देखभाल करें और बच्चों का नियमित टीकाकरण करवाएं। विभाग के अनुसार, समय पर बीमारी की पहचान और उचित उपचार से बच्चों को निमोनिया के गंभीर परिणामों से बचाया जा सकता है।

 

Written By

DESK HP NEWS

Hp News

Related News

All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.

BREAKING NEWS
उदयपुर में खड़े ट्रेलर में पीछे से घुसी तेज रफ्तार कार, तीन युवक घायल; कार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त | सीकर में दुकान से सामान लेने गई 20 वर्षीय युवती लापता, पिता ने युवक पर भगाकर ले जाने का जताया शक | जोधपुर में कल से आंधी-बारिश का यलो अलर्ट, अगले सप्ताह से बढ़ेगी सर्दी; तापमान में भी गिरावट | जयपुर में हॉर्न बजाने पर युवक से मारपीट, बाल पकड़कर कार से बाहर निकाला; मुक्के मारकर तोड़ा दांत | उत्तर भारत में मौसम का बदला मिजाज: यूपी के 20 जिलों में कोहरा, दिल्ली में AQI 478; राजस्थान में आंधी-बारिश का अलर्ट | सीकर में सोशल मीडिया फ्रेंड पर 39 वर्षीय महिला से रेप का आरोप, नाबालिग बेटी से भी छेड़छाड़; घर से सामान चोरी करने का भी दावा | जोधपुर में नाबालिग भतीजियों से छेड़छाड़ का विरोध करना पड़ा भारी, चाचा पर हमला; डंपर से कुचलने की कोशिश, हवाई फायरिंग से फैलाई दहशत | जयपुर में हिस्ट्रीशीटर विजय बाजिया की सवा मिनट में हत्या, कुल्हाड़ी से सिर पर किया वार; 7 साल पुरानी रंजिश में मर्डर, सरपंच का चुनाव लड़ना चाहता था | मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने BSF की महिला जवानों संग मनाई भाई दूज, तनोट माता मंदिर में किए दर्शन | एयरटेल रिचार्ज प्लान: 349 रुपये खर्च करने की जरूरत नहीं! एयरटेल ने वापस लॉन्च किया 299 रुपये वाला प्लान, जानें क्या मिलेंगे फायदे |