Download App Now Register Now

निकाय चुनाव: कांग्रेस ने 90% टिकट किए फाइनल, बागियों से बचने के लिए आखिरी वक्त पर होगा ऐलान; पाली में BJP को बड़ा झटका

जयपुर। राजस्थान में निकाय चुनाव को लेकर कांग्रेस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। टिकट वितरण की प्रक्रिया अब अंतिम दौर में पहुंच गई है। पार्टी के मुताबिक प्रदेश के करीब 90 फीसदी विधानसभा क्षेत्रों में संभावित प्रत्याशियों के नाम तय कर लिए गए हैं। जिन उम्मीदवारों की उम्मीदवारी लगभग तय मानी जा रही है, उन्हें नामांकन दाखिल करने का संकेत भी दिया जा चुका है।

कांग्रेस ने इस बार टिकट वितरण के लिए 'जिताऊ और टिकाऊ' चेहरों को प्राथमिकता देने की रणनीति बनाई है। पार्टी की कोशिश ऐसे उम्मीदवारों को मैदान में उतारने की है, जिनकी जनता के बीच मजबूत पकड़ के साथ संगठन में भी सक्रिय भूमिका रही हो।

बागियों से बचने के लिए आखिरी वक्त पर टिकट का ऐलान

कांग्रेस की रणनीति इस बार बागियों और भितरघात की संभावनाओं को कम करने की है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक उम्मीदवारों के नामों की आधिकारिक घोषणा नामांकन की आखिरी तारीख के आसपास जिला स्तर पर किए जाने की तैयारी है।

हालांकि, जिन दावेदारों का नाम तय हो चुका है, उन्हें पार्टी की ओर से नामांकन भरने का संकेत दे दिया गया है। जयपुर समेत कई शहरों में संभावित उम्मीदवारों ने पार्टी के इशारे के बाद अपना प्रचार अभियान भी शुरू कर दिया है।

200 विधानसभा क्षेत्रों से लिया गया फीडबैक

पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा के मुताबिक कांग्रेस ने प्रदेश की सभी 200 विधानसभा सीटों पर कोऑर्डिनेटर भेजकर स्थानीय स्तर पर फीडबैक लिया था। इस फीडबैक के आधार पर करीब 90 फीसदी विधानसभा क्षेत्रों में संभावित उम्मीदवारों के नामों पर सहमति बन चुकी है।

जहां टिकट को लेकर विवाद या दावेदारों के बीच खींचतान है, वहां पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से चर्चा के बाद अंतिम फैसला लिया जाएगा। इनमें पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, सचिन पायलट, भंवर जितेंद्र सिंह, हरीश चौधरी और सीपी जोशी समेत वरिष्ठ नेताओं की राय शामिल की जा सकती है।

युवाओं और जमीनी कार्यकर्ताओं पर भी फोकस

कांग्रेस इस बार टिकट वितरण में केवल सिफारिशों के बजाय जीतने की क्षमता को प्राथमिक आधार बनाने का दावा कर रही है। पार्टी ने युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस, एनएसयूआई, सेवादल और जमीनी कार्यकर्ताओं से भी संभावित नाम जुटाए हैं।

कांग्रेस की रणनीति ऐसे उम्मीदवारों को मौका देने की है, जिनकी स्थानीय स्तर पर मजबूत पकड़ हो और जो लंबे समय से संगठन के लिए सक्रिय रूप से काम कर रहे हों।

जयपुर में कांग्रेस ने सरकार को घेरा

टिकट वितरण के साथ ही कांग्रेस ने निकाय चुनाव के लिए स्थानीय मुद्दों को भी धार देना शुरू कर दिया है। नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने जयपुर की बदहाल व्यवस्थाओं को लेकर सरकार पर निशाना साधा।

जूली ने स्मार्ट सिटी के नाम पर खर्च हुए धन, सफाई व्यवस्था, जलभराव और सीवर की समस्याओं को लेकर सरकार को घेरा। उन्होंने दावा किया कि इस बार जयपुर नगर निगम में कांग्रेस का बोर्ड बनेगा।

पाली में BJP को झटका, पांच बार के पार्षद राकेश भाटी कांग्रेस में शामिल

निकाय चुनाव से पहले कांग्रेस ने बीजेपी के गढ़ माने जाने वाले पाली में भी सेंध लगाने का दावा किया है। पाली नगर परिषद के पांच बार पार्षद रह चुके राकेश भाटी ने बीजेपी छोड़कर कांग्रेस का हाथ थाम लिया है।

शनिवार को जयपुर स्थित कांग्रेस वॉर रूम में पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा और नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली की मौजूदगी में राकेश भाटी ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की।

राकेश भाटी पाली नगर परिषद में पांच बार पार्षद रह चुके हैं। वह नगर परिषद में उपसभापति और सभापति की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। इसके अलावा वह पाली बीजेपी के जिला महामंत्री भी रह चुके हैं।

राकेश भाटी की पत्नी रेखा भाटी पाली नगर परिषद की निवर्तमान सभापति रही हैं। ऐसे में निकाय चुनाव से ठीक पहले उनका कांग्रेस में शामिल होना स्थानीय राजनीति में महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है।

निकाय चुनाव से पहले कांग्रेस की दोहरी रणनीति

कुल मिलाकर राजस्थान निकाय चुनाव से पहले कांग्रेस ने अपनी रणनीति के दो प्रमुख मोर्चे तय कर लिए हैं। एक ओर पार्टी टिकट वितरण को अंतिम रूप देने में जुटी है, वहीं दूसरी ओर स्थानीय मुद्दों को लेकर बीजेपी सरकार पर हमला तेज किया जा रहा है।

इसके साथ ही बीजेपी के असंतुष्ट और प्रभावशाली स्थानीय नेताओं को अपने पाले में लाने की कोशिश भी कांग्रेस की रणनीति का हिस्सा बनती दिखाई दे रही है। अब निगाहें इस बात पर हैं कि कांग्रेस उम्मीदवारों के नामों का आधिकारिक ऐलान कब करती है और टिकट कटने के बाद पार्टी में बगावत कितनी चुनौती बनती है।

Written By

DESK HP NEWS

Hp News

Related News

All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.

BREAKING NEWS
बीज घोटाले की जांच CBI से कराने की मांग, मंत्री किरोड़ी लाल मीणा CM भजनलाल शर्मा को लिखेंगे पत्र | Gen-Z IPS अभिजीत पाटील का कमाल: AI और NATGRID की मदद से गैंगस्टरों पर कसा शिकंजा | मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की भरतपुर को बड़ी सौगात, 1,186 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण | जनजातीय क्षेत्रों के विकास को नई गति, 196.39 करोड़ रुपये के वार्षिक प्रस्तावों को मिली मंजूरी | इकोलॉजिकल ज़ोन में 'अयोध्या नगर'! 42 बीघा कृषि भूमि पर धड़ल्ले से प्लॉटिंग, जेडीए आखिर खामोश क्यों? | मीना पालड़ी में चार भूखंड जोड़कर दुकानों का निर्माण! अवैध निर्माण पर JDA की चुप्पी सवालों के घेरे में | मीना पालड़ी में चार भूखंड जोड़कर दुकानों का निर्माण! अवैध निर्माण पर JDA की चुप्पी सवालों के घेरे में | सूर्या के कत्ल की असली वजह आई सामने, बाइक बनी जानलेवा विवाद का कारण। | राजस्थान में 33 जिलों में 77 सड़क परियोजनाओं को मिली मंजूरी, बजट 2026-27 में कुल 676.74 करोड़ खर्च | राजस्थान में 33 जिलों में 77 सड़क परियोजनाओं को मिली मंजूरी, बजट 2026-27 में कुल 676.74 करोड़ खर्च | |