नेशनल बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशन इन मेडिकल साइंसेज (NBEMS) ने प्रभावित अभ्यर्थियों के लिए यह निर्णय लिया है। बोर्ड ने परीक्षा के दौरान हुई असुविधा के लिए संबंधित अभ्यर्थियों के प्रति खेद भी व्यक्त किया है।
NBEMS के अनुसार, 30 अगस्त 2026 को देशभर में NEET PG 2026 परीक्षा आयोजित की गई। परीक्षा के लिए कुल 2,73,096 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। देशभर के 1,111 परीक्षा केंद्रों पर 2,65,980 अभ्यर्थी उपस्थित हुए, जबकि करीब 2,63,535 अभ्यर्थियों की परीक्षा प्रक्रिया पूरी हो सकी।
जयपुर के iON डिजिटल जोन iDZ सीतापुरा स्थित टेस्ट सेंटर नंबर 41682 और 41683 पर आंतरिक बिजली आपूर्ति में समस्या के चलते परीक्षा प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी। इसके बाद NBEMS ने प्रभावित अभ्यर्थियों के लिए दोबारा परीक्षा कराने का फैसला किया।
बोर्ड के निर्णय के अनुसार प्रभावित अभ्यर्थियों की पुनः परीक्षा 5 सितंबर 2026 (शनिवार) को दोपहर 3 बजे जयपुर में आयोजित होगी।
पुनः परीक्षा के लिए परीक्षा केंद्र और अन्य जरूरी जानकारी अलग से जारी की जाएगी। संबंधित पात्र अभ्यर्थियों को संशोधित एडमिट कार्ड भी जारी किए जाएंगे।
NBEMS ने प्रभावित अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे पुनः परीक्षा से संबंधित आगामी दिशा-निर्देशों और आधिकारिक अपडेट पर नजर बनाए रखें।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.