अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस साइबर क्राइम विजय कुमार सिंह के अनुसार, अभियान के प्रभावी संचालन के लिए राज्य स्तर पर पुलिस अधीक्षक-1 (R4C) को राज्य नोडल अधिकारी बनाया गया है। वहीं, प्रत्येक जिले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक स्तर के अधिकारी को जिला नोडल अधिकारी की जिम्मेदारी दी गई है।
अभियान के दौरान वरिष्ठ नागरिकों और पेंशनर्स को साइबर अपराधों से बचाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। पुलिस थानों में साइबर अपराध से जुड़े अधिकारी पेंशन विभाग के समन्वय से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करेंगे।
इन कार्यक्रमों में ‘डिजिटल अरेस्ट’, निवेश के नाम पर ठगी, ऑनलाइन धोखाधड़ी और अन्य साइबर अपराधों से बचने के तरीकों की जानकारी दी जाएगी।
साइबर सुरक्षा का संदेश युवाओं तक पहुंचाने के लिए स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिला कलेक्टर और जिला शिक्षा अधिकारियों के समन्वय से व्याख्यान, कार्यशालाएं, क्विज, सेमिनार और प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी।
छात्र-छात्राओं की भागीदारी से एक दिवसीय मानव श्रृंखला बनाकर भी साइबर सुरक्षा का संदेश दिया जाएगा।
आम लोगों को जागरूक करने के लिए बाजारों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, मेट्रो स्टेशन, धार्मिक स्थलों और पर्यटन स्थलों पर भी अभियान चलाया जाएगा।
यहां नुक्कड़ नाटक, पोस्टर, ऑडियो-वीडियो संदेश और साइबर जागरूकता स्टॉल के जरिए लोगों को ऑनलाइन अपराधों से बचने की जानकारी दी जाएगी।
अभियान में साइबर स्वयंसेवकों, एनएसएस और एनसीसी कैडेट्स को भी शामिल किया जाएगा। आरएसी इकाइयों और जिला खेल अधिकारियों के सहयोग से साइबर जागरूकता के लिए दौड़ और साइकिल रैली जैसी गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी।
राजस्थान पुलिस अभियान को ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचाने की भी तैयारी कर रही है। जिला मुख्य डाकपाल और पंचायती राज विभाग के समन्वय से ग्राम पंचायत स्तर तक साइबर जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
साइबर सुरक्षा अभियान के दौरान सोशल मीडिया का बड़े स्तर पर इस्तेमाल किया जाएगा। स्थानीय सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स के साथ-साथ खेल और सिनेमा जगत की हस्तियों के माध्यम से वीडियो अपील जारी करवाई जाएंगी।
इसके अलावा स्थानीय एफएम, टीवी चैनल, सिनेमा हॉल, निजी केबल टीवी और बाजारों में लगे डिजिटल डिस्प्ले के माध्यम से हिंदी और क्षेत्रीय भाषाओं में साइबर सुरक्षा संदेश प्रसारित किए जाएंगे।
राजस्थान पुलिस का यह अभियान लोगों को साइबर अपराध के नए तरीकों के प्रति सतर्क करने और डिजिटल लेन-देन के दौरान सावधानी बरतने पर केंद्रित रहेगा। पुलिस का लक्ष्य है कि जागरूकता के जरिए आमजन को साइबर ठगों के जाल में फंसने से बचाया जा सके और ‘साइबर सुरक्षित राजस्थान’ का संदेश प्रदेश के हर हिस्से तक पहुंचाया जाए
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.