जयपुर में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर लोकभवन में गरिमापूर्ण समारोह आयोजित किया गया। राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने लोकभवन परिसर में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। ध्वजारोहण के बाद आरएसी गारद ने राज्यपाल को सलामी दी। इस दौरान पूरा परिसर देशभक्ति के रंग में नजर आया।
स्वतंत्रता दिवस के मौके पर राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने लोकभवन परिसर स्थित राजकीय विद्यालय के उच्च प्राप्तांक वाले विद्यार्थियों से मुलाकात की। उन्होंने विद्यार्थियों को उपहार और मिठाई वितरित की और बच्चों के साथ संवाद भी किया। इस दौरान राज्यपाल ने बच्चों के साथ तिरंगा लहराते हुए सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।
राज्यपाल ने देशवासियों से राष्ट्र की समृद्धि और सम्पन्नता के लिए मिलकर कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि देश की प्रगति में प्रत्येक नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है और हमें एकजुट होकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देना चाहिए।
इस अवसर पर राज्यपाल ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत लोकभवन परिसर में फलों के पौधे भी लगाए। उन्होंने पौधों के रोपण के साथ उनके संरक्षण और देखभाल पर भी जोर दिया।
कार्यक्रम में राज्यपाल के सचिव डॉ. पृथ्वी, प्रमुख विशेषाधिकारी राजकुमार सागर सहित लोकभवन के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। समारोह देशभक्ति और पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ संपन्न हुआ।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.