राजस्थान में मॉनसूनी बारिश का दौर लगातार जारी है और मौसम विभाग ने प्रदेश के 35 जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है। बुधवार को पूर्वी और दक्षिणी राजस्थान में कई इलाकों में तेज बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पूर्वी मध्य प्रदेश के ऊपर बना वेल मार्क लो प्रेशर (WML) अब उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश की ओर बढ़ रहा है, जिसके प्रभाव से कोटा और भरतपुर संभाग सहित कई जिलों में अगले 24 घंटों के दौरान मध्यम से भारी तथा कुछ स्थानों पर अति भारी बारिश होने की संभावना है। इसी को देखते हुए बारां, भरतपुर, डीग, धौलपुर और झालावाड़ में ऑरेंज अलर्ट, जबकि 30 अन्य जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है।
पिछले 24 घंटों में करौली के मंडरायल और भरतपुर के बयाना में तीन इंच से अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई। वहीं चित्तौड़गढ़ के भदेसर और निंबाहेड़ा में भी करीब तीन इंच वर्षा हुई। कोटा शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में देर रात हुई तेज बारिश से तापमान में गिरावट आई और लोगों को उमस व गर्मी से राहत मिली, लेकिन कई इलाकों में जलभराव और ट्रैफिक जाम की स्थिति भी देखने को मिली।
मौसम विभाग के अनुसार 10 जुलाई को भरतपुर संभाग और आसपास के क्षेत्रों में भारी बारिश जारी रह सकती है। वहीं 11 जुलाई से राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश की गतिविधियों में कमी आने की संभावना है। उत्तरी और पूर्वी राजस्थान में हल्की बारिश हो सकती है, जबकि शेष क्षेत्रों में मौसम अपेक्षाकृत शुष्क रहने का अनुमान है। दूसरी ओर पश्चिमी राजस्थान में गर्मी का असर अभी भी बरकरार है, जहां जैसलमेर का अधिकतम तापमान 41.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.